एमपी में मार्च से ही गर्मी बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाओं के कारण प्रदेश में दिन में पारा उछल रहा है। अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है पर रात का फिलहाल सामान्य बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। पारा 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की सक्रियता के कारण प्रदेश में ऐसा मौसम बना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फरवरी माह में कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहते हैं। इस बार भी इनकी वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।
हल्की बरसात का अनुमान
अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जबकि राजस्थान के पास प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इधर अरब सागर से आर्द्रता भी आ रही है। इन तीनों प्रणालियों का सबसे ज्यादा प्रभाव एमपी के ग्वालियर और चंबल संभाग में पड़ रहा है। मौसम विभाग ने इन संभागों में बूंदाबांदी या हल्की बरसात का अनुमान जताया है। इस बीच प्रदेश की हिल स्टेशन पचमढ़ी अभी भी ठंडी बनी हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि रतलाम सबसे गर्म रहा जहां पारा 35 डिग्री सेल्सियश के पार जा पहुंचा है। वहीं रात का तापमान अभी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
बुधवार को दक्षिणी इलाकों के बैतूल, नर्मदापुरम, पश्चिमी इलाकों के खंडवा, खरगोन, उज्जैन, धार का तापमान 33 डिग्री सेल्सियश से ज्यादा रहा। पूर्वी क्षेत्र में मंडला, टीकमगढ़, दमोह, सिवनी, सागर, खजुराहो में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्यियश के आसपास रिकार्ड किया गया।