पूजा विधानी ने पूजा-अर्चना की। गंगाजल छिड़ककर पूजा विधानी विकास भवन स्थित महापौर की कुर्सी पर बैठीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का भूत हटाने के लिए शुद्धिकरण किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुंगेली नाका ग्राउंड में मंच तैयार किया गया। सुबह 11.30 बजे कलेक्टर अवनीश शरण ने महापौर पूजा विधानी सहित सभी पार्षदों को वार्डवार शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ दिखी। पूजा विधानी और पार्षदों के शपथ ग्रहण के दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जोर-जोर से ‘जय भाजपा-विजय भाजपा’ और ‘जय श्री राम’ जैसे नारे भी लगाए।
मेयर ने शपथ ग्रहण उपरांत अतिथियों को स्मृति चिह्न से किया सम्मानित
शपथ ग्रहण उपरांत महापौर पूजा विधानी ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, जिला शहर अध्यक्ष दीपक सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर समानित किया। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संविधान के प्रति श्रद्धा…. मैं……महापौर/पार्षद… नगर पालिक निगम, बिलासपुर। ईश्वर की शपथ लेता/लेती हूं। मैं सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता/करती हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा/रखूंगी। तथा भारत की संप्रभुता तथा अखंडता को अक्षुण्ण रखूंगा/रखूंगी तथा मैं, ईमानदारी पूर्वक तथा निष्पक्षता पूर्ण अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा/करूंगी।
4 वचन: निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता, कर्तव्य… अब 5 साल इसी की परीक्षा
निष्ठा: वोट के लिए आपने घर-घर जाकर मेहनत की और आज इस कुर्सी तक पहुंचे हैं। यही निष्ठा शहर के विकास में भी दिखाएं। सड़कें, गड्ढों में तब्दील हो रही है और कॉलोनियों में तालाब सा नजारा रहता है। गंदगी तो जगह-जगह नजर आ ही जाएगी। निष्पक्षता: अफसर, राजनेताओं की रहने वाली सड़कें खराब नहीं दिखती। आम आदमी की सड़कों पर ही गड्ढे क्यों नजर आते हैं। इसमें अरपा पार के 16 वार्डों में गांवों जैसी स्थिति है। ज्यादा विकास भी वोटर क्षेत्रों में ही क्यों होते है?
ईमानदारी: शहर का हर वाशिंदा आपसे ईमानदारी की उमीद करता है। कांट्रैक्टर 20 प्रतिशत बिलों पर भी टेंडर लेकर घटिया सड़क, पुल-पुलिया बना रहे हैं। 5 साल में अरबों रुपए खर्च करने के बाद भी 80 कॉलोनियों में पानी भर जाता है।
कर्तव्यः आपने ये शपथ 5 साल के लिए ली है। इन 5 साल में जनता से किए गए वादों को पूरा करना आपका कर्तव्य है। यानी बिलासपुर को अच्छी शड़क, बेहतर सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम और रोजाना जरूरत का पानी मुहैया करवाएं।
फिसली जुबान, दो बार शपथ
मेयर पूजा विधानी की शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जुबान फिसल गई। उन्होंने संप्रभुता की जगह दूसरा शब्द पढ़ लिया। इसे गलत तरीके से पढ़ने के बाद उन्हें दोबारा शपथ दिलाई गई। सबसे पहले मेयर पूजा विधानी ने शपथ ली, इसके बाद पार्षदों को 10-10 के समूह में शपथ दिलाई गई।