शहर की अपेक्षा ग्रामीण मतदाता अधिक सक्रिय रहे और अपने मतदान का अधिकार उपयोग किया। मस्तूरी ब्लॉक के 508 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, और समय सीमा के अनुसार उन्हें केंद्र में प्रवेश करने का मौका दिया गया।
मतदान केंद्रों के अंदर जाने के लिए दोपहर 3 बजे तक की सीमा रखी गई थी, उसके बाद गेट बंद कर दिए गए थे। हालांकि, जो मतदाता 3 बजे तक केंद्र के अंदर पहुंच गए थे, उन्हें टोकन वितरित किया गया और शाम 6 बजे तक मतदान करने का अवसर मतदान कर्मियों ने उन्हें दिया। मतदान के बाद देर रात तक परिणामों की घोषणा होती रही। पंच और सरपंच पदों के परिणाम सबसे पहले घोषित हुए। इसके बाद जनपद और जिला पंचायत के चुनाव परिणामों की भी घोषणा हुई।
बुजुर्गों और दिव्यांगोंने भी डाला वोट
मस्तूरी में पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। नए मतदाता, बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाएं सभी ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता दी। 90 वर्षीय दया बाई श्रीवास और 91 वर्षीय कुंज बिहारी साहू ने भी मतदान किया और सभी से मतदान की अपील की। महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया, जैसे ग्राम पंचायत परसदावेद की सत्यभामा, मोना पटेल और दुखनी बाई ने मतदान किया। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों में उचित सुविधाएं प्रदान की गई थीं, जिससे मतदान शांतिपूर्ण व सुगम रूप से संपन्न हुआ। वोट डालने के लिए महिलाओं मेें दिखा उत्साह
ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर खासा उत्साह था। यहां के मतदाताओं ने 4 बैलेट पेपर में पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के लिए मुहर लगाई और अपना वोट डाला। ग्रामीणों के बीच चुनाव को लेकर एक खास उमंग थी, मतदाताओं ने बताया कि पांच साल में अपने गांव के मुखिया को चुनने का मौका मिलता है। ऐसे में वो अपने सारे कामकाज छोड़ मतदान को प्राथमिकता दे रहे थे। मतदान केंद्रों पर प्रबंधन का स्तर भी अच्छा था। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुता इंतजाम थे। केंद्रों में मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात रही।
कलेक्टर और एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में मस्तूरी जनपद में मतदान हुआ। कलेक्टर अवनीश शरण और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मस्तूरी के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने लावर, परसदावेद और मस्तूरी सहित अन्य मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान की व्यवस्था को देखा। डीएवी स्कूल परसदा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर और एसपी ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान दलों से चर्चा की और मतदाताओं को कतार में खड़ा होकर मतदान करने का आग्रह किया।