scriptलोक सेवा पोर्टल होगा अपग्रेड, आज से सात दिन तक नहीं बनेंगे आय, जाति, जन्म मृत्यु समेत कई जरूरी प्रमाण पत्र | Patrika News
छतरपुर

लोक सेवा पोर्टल होगा अपग्रेड, आज से सात दिन तक नहीं बनेंगे आय, जाति, जन्म मृत्यु समेत कई जरूरी प्रमाण पत्र

यह अपग्रेडेशन कार्य 7 से 14 फरवरी तक चलेगा, जिससे आय, मूल निवासी, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए नागरिकों को इंतजार करना होगा।

छतरपुरFeb 07, 2025 / 10:36 am

Dharmendra Singh

lok seva kendra

लोक सेवा केंद्र छतरपुर

छतरपुर. मध्यप्रदेश में लोक सेवा केंद्र पोर्टल के अपग्रेडेशन के चलते प्रदेश भर में कुछ आवश्यक दस्तावेजों के निर्माण में 7 दिनों तक रुकावट आएगी। यह अपग्रेडेशन कार्य 7 से 14 फरवरी तक चलेगा, जिससे आय, मूल निवासी, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए नागरिकों को इंतजार करना होगा।

क्या है अपग्रेडेशन का कारण


अधिकारियों के मुताबिक, लोक सेवा गारंटी पोर्टल को नए सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर पर माइग्रेट किया जा रहा है, जिसे एसडीसी 2.0 पर अपग्रेड किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत समग्र एप्लीकेशन पोर्टल और इससे जुड़े सभी संबंधित एप्लिकेशंस को नए सर्वर पर ट्रांसफर किया जाएगा। इस माइग्रेशन के परिणामस्वरूप पोर्टल की दक्षता और कार्यक्षमता में सुधार होगा, जिससे नागरिकों को भविष्य में बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकेंगी। नए सर्वर सेटअप में बेहतर सुरक्षा मानकों, उन्नत एन्क्रिप्शन स्टैण्डड्र्स और मजबूत फायरवॉल्स के माध्यम से डेटा और एप्लिकेशन की सुरक्षा में भी वृद्धि होगी। इस तकनीकी सुधार से लोक सेवा पोर्टल को और अधिक सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय बनाया जाएगा।

कब से कब तक रहेगा बंद पोर्टल?


समग्र पोर्टल के अपग्रेडेशन के चलते 7 फरवरी रात्रि 8 बजे से लेकर 14 फरवरी रात्रि 8 बजे तक पोर्टल बंद रहेगा। इस दौरान पोर्टल पर कोई भी सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी, और इससे संबंधित सभी एप्लिकेशनों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। इसका प्रभाव आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी जरूरी सेवाओं पर पड़ेगा, जिनकी प्राप्ति के लिए नागरिकों को 7 दिनों तक इंतजार करना होगा।

सर्वर माइग्रेशन के ये होंगे लाभ


सर्वर के इस माइग्रेशन से लोक सेवा पोर्टल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। नई इंफ्रास्ट्रक्चर पर माइग्रेट करने से पोर्टल की गति तेज होगी और लोगों को उनके दस्तावेज़ समय पर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही, इसमें सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बदलाव होंगे, जैसे बेहतर एन्क्रिप्शन और मजबूत फायरवॉल्स, जिससे नागरिकों के डेटा की सुरक्षा में भी वृद्धि होगी।

अधिकारियों ने दिए निर्देश


सर्वर माइग्रेशन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए अधिकारियों को पोर्टल और एप्लिकेशन की गतिविधियों को सुनियोजित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, विभागीय सेवाएं और नागरिकों को समग्र डाउनटाइम से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए तकनीकी टीम और एमपीएसईडीसी से समन्वय करने का निर्देश भी दिया गया है।

Hindi News / Chhatarpur / लोक सेवा पोर्टल होगा अपग्रेड, आज से सात दिन तक नहीं बनेंगे आय, जाति, जन्म मृत्यु समेत कई जरूरी प्रमाण पत्र

ट्रेंडिंग वीडियो