उत्तर प्रदेश के इटावा पहुंचे अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री को तिरंगा यात्रा निकालने के पहले शहीदों के घर आना चाहिए था। राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में डीजे बजाकर मेला का माहौल बना दिया गया है। यह शहीदों का घोर अपमान है। प्रदेश अध्यक्ष ने विदेश मंत्री पर भी बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर हमला करने के पहले ही उसे जानकारी दे दी गई थी कि हम हमला करने के लिए आ रहे हैं। सूचना देने का उद्देश्य क्या है? सूचना मिलने के बाद आतंकवादियों को भगाने का मौका मिल गया।
ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सैनिकों की बड़ी उपलब्धि
अजय राय ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सैनिकों की बड़ी उपलब्धि है। लेकिन सरकार खुद श्रेय लेना चाहती है। जो सैनिकों का मनोबल गिराने वाला है। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की जा रही है। हमें सेना के सैनिकों को सैल्यूट करना चाहिए। पीएम, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री को यहां आकर शहीद परिवारों से मिलना चाहिए। कांग्रेस सैनिकों का सम्मान करती है। बनारस में शहीद विशाल पांडे की बहनों से प्रतिवर्ष राखी बंधवाते हैं। इस मौके पर शहर अध्यक्ष राशिद खान, मलखान सिंह कोमल सिंह, अंबुज त्रिपाठी, प्रशांत तिवारी, अरुण, शोजेब सहित अन्य लोग मौजूद थे।