आज राजस्थान के तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज भी राजस्थान के तापमान में थोड़ी गिरावट होने और सर्दी में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। 3-4 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ से जयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के अलावा भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना
जयपुर में मौसम तेजी से बदल रहा है। रात में गर्मी महसूस हो रही थी। फिर जैसे-जैसे दिन होता गया तो सुबह छह बजे तेज ठंडी हवाएं चलने लगी। जिससे ठंड थोड़ी बढ़ गई। सुबह 8.30 पर जयपुर का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बीकानेर में दो दिन बाद साफ हुआ मौसम, तापमान में भी हुई बढ़ोतरी
बीकानेर में दो दिनों से कोहरा एवं सर्दी झेल रहे बीकानेर वासियों को शनिवार को राहत मिली। दोपहर के समय तेज धूप से हल्की गर्मी का अहसास हुआ। शनिवार को मौसम साफ रहा और धूप भी समय पर निकल आई। हालांकि सुबह हल्की ठंडी हवा चल रही थी, लेकिन धूप निकलने के बाद हवा का असर कमजोर हो गया। दोपहर के समय स्थिति यह हो गई कि लोगों को गर्म कपड़ों को किनारे रखना पड़ा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।