राजस्थान में मानसून पूर्व बारिश का दौर जल्द, पत्रिका फोटो
Rajasthan: देश के पूर्वोत्तर इलाकों में ठिठके मानसून की फिर से हलचल शुरू होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के असर से अगले 48 घंटे में मानसून कुछ और राज्यों का रुख करेगा। माना जा रहा कि मध्यप्रदेश में 14 जून को मानसून की आधिकारिक एंट्री होने के साथ ही भीषण हीटवेव की चपेट में झुलस रहे राजस्थान में भी राहत की बौछारें गिरेंगी।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के असर पूर्वोत्तर इलाकों में ठहरे मानसून की आसपास के राज्यों में भी सक्रियता अब बढ़ने वाली है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो सिस्टम के असर से मानसून ट्रफलाइन ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान को छूने वाली है। मध्यप्रदेश में 14 जून को मानसून की एंट्री होने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही है वहीं 16 जून से राजस्थान समेत आसपास के भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
विंड पैटर्न बदलने से बढ़ेगी हलचल
पूर्वोत्तर राज्यों के बाद अब उत्तरी राज्यों में भी मानसून के आगे बढ़ने की प्रक्रिया शुरू होगी। राजस्थान समेत आसपास के राज्यों में अभी पश्चिमी सतही गर्म हवाएं चल रही हैं जिससे कई इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। माना जा रहा है कि अगले 48 घंटे में राजस्थान में विंड पैटर्न बदलने और उत्तर पूर्वी हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही शु्रू होने से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश में 14 जून को दक्षिण पश्चिमी मानसून की एंट्री होने और 21 जून तक पूरे राज्य में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। बंगाल के पश्चिमी भाग, बिहार और झारखंड में भी 18 से 18 जून तक मानसूनी बारिश होने के आसार हैं।
राजस्थान में हीटवेव, राहत की बौछारों का इंतजार
राजस्थान हीटवेव चलने से प्रदेश के उत्तर पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी पिछले 4 दिन से दर्ज हुई है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को भी श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, कोटा,चूरू और आसपास के भागों में हीटवेव का असर रहने की संभावना है। वहीं जयपुर समेत कई इलाकों में शुक्रवार को छितराए बादल छाए रहने का अनुमान है। आगामी 16 जून से प्रदेश के कोटा,जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में मानसून पूर्व बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
जयपुर में पारे ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
राजधानी जयपुर में बीते गुरूवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। शहर में दिन का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ वहीं रात में भी उष्ण लहर चलने से झुलसाने वाली गर्मी का असर बरकरार रहा। पारे ने पिछले 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ डाला और भीषण गर्मी से शहरवासी बेहाल रहे। वर्ष 2020 में शहर का अधिकतम तापमान 44.4, 2021 में 41.8, 2022 में 42.8, वर्ष 2023 में 40.8 डिग्री और वर्ष 2024 में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं इस बार जून माह के पहले पखवाड़े में ही पारे में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है।