scriptJeera Mandi Bhav: जीरा किसानों और व्यापारियों की हो गई बल्ले-बल्ले, राजस्थान की इस मंडी में मिल रही है इतनी कीमत | Jeera was sold at the rate of Rs 210 per kg in Sanchore Mandi of Rajasthan | Patrika News
जालोर

Jeera Mandi Bhav: जीरा किसानों और व्यापारियों की हो गई बल्ले-बल्ले, राजस्थान की इस मंडी में मिल रही है इतनी कीमत

Jeera Bhav: सांचौर मंडी में जीरा की अच्छी आवक के बावजूद इसके दाम स्थिर बने हुए हैं। इस बार अच्छी गुणवता वाले जीरे की कीमत 210 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है।

जालोरMar 26, 2025 / 04:12 pm

Rakesh Mishra

jeera mandi aaj ka bhav
राजस्थान के सांचौर कृषि मंडी में जीरे की आवक होने से रौनक लौट आई है। किसानों और व्यापारियों की भारी भीड़ के बीच जीरा 210 रुपए प्रति किलो के भाव पर बिका, जिससे बाजार में उत्साह का माहौल बना हुआ है। कृषि मंडी सचिव सूरजपालसिंह की मौजूदगी में मंडी व्यापारियों ने मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष वीडी व्यास के नेतृत्व में अनाज की हराजी से खरीदारी की।
इस दौरान गुणवत्ता वाले जीरे का भाव 205 से 210 रुपए, रायड़ा 53 से 56 रुपए, अरंडी 61 से 63 व इसबगोल 110 से 135 रुपए प्रति किलो रहा। किसानों ने बताया कि कृषि मंडी में पारदर्शी व्यवस्था शुरू होने से क्षेत्र के किसान अब जीरा, रायड़ा, सहित अन्य अनाज गुजरात की बजाय स्थानीय मंडी में ही बेचेंगे, जिससे किसानों का ट्रांसपोर्ट का खर्च बचने के साथ समय भी बचेगा। उन्होंने राजस्थान पत्रिका की ओर से किसानों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों की खबर लगातार प्रकाशित करने पर खुशी जाहिर की।

जीरे के बढ़ते दाम से किसानों में खुशी

सांचौर मंडी में जीरे की अच्छी आवक के बावजूद इसके दाम स्थिर थे। हालांकि गुणवत्ता वाले जीरे की कीमत 210 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि उच्च गुणवत्ता वाला जीरा लगातार अच्छी कीमत प्राप्त कर रहा है, जिससे बिक्री में तेजी आई है। वहीं रायड़ा और अरंडी की कीमतों में भी मजबूती बनी हुई है। मंडी में इन दोनों फसलों की मांग लगातार बढ़ रही है। व्यापारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में भी मजबूती बनी रह सकती है ।

हराजी से हो रही जबरदस्त खरीद

कृषि मंडी में खरीदारों की संख्या में इजाफा हुआ है, जिससे हराजी में अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। मंडी सूत्रों का कहना है कि व्यापारी बड़ी मात्रा में स्टॉक कर रहे हैं, जिससे बाजार में स्थिरता बनी रहेगी। किसानों को भी अच्छे दाम मिलने से वे संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
बढ़ते दामों के चलते किसानों का झुकाव जीरा, रायड़ा और अरंडी की फसलों की ओर बढ़ रहा है। व्यापारी भी इस मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश में हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार यदि अनाज की आपूर्ति सामान्य रही, तो आने वाले दिनों में भी इन फसलों के दाम मजबूत बने रहने की संभावना है।
कृषि मंडी में अब प्रतिदिन 11 बजे हराजी से ही अनाज की खरीदारी होगी, ताकि किसानों के साथ-साथ व्यापारियों को भी फायदा मिलेगा। मंडी में सुधार को लेकर हर संभव प्रयास किए जाएंगे, जिससे बाहर के व्यापारी भी स्थानीय कृषि मंडी में आकर व्यापार करें और हर वर्ग को स्थानीय स्तर पर फायदा मिल सके।
सूरजपालसिंह, सचिव, कृषि मंडी सांचौर
कृषि मंडी में अब बारदान के बराबर का ही अनाज बाज किया जा रहा है ताकि किसानों को कोई नुकसान नहीं हो। हराजी नियमित रूप से की जा रही है, जिससे व्यापारी व किसान दोनों खुश है।
किशनलाल बिश्नोई, महामंत्री, कृषि मंडी व्यापार संघ सांचौर

Hindi News / Jalore / Jeera Mandi Bhav: जीरा किसानों और व्यापारियों की हो गई बल्ले-बल्ले, राजस्थान की इस मंडी में मिल रही है इतनी कीमत

ट्रेंडिंग वीडियो