सहसा बिगड़ी तबीयत, 7 एयर फोर्स हॉस्पिटल में हुआ निधन
पार्षद नीलम उमेश शुक्ला के अनुसार, शनिवार रात लगभग 8 बजे संतोष द्विवेदी की तबीयत अचानक खराब हुई। उन्हें तुरंत 7 एयर फोर्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह अपनी दो बेटियों अंजू मिश्रा (निवासी श्याम नगर बी ब्लॉक) और संगीता मिश्रा (निवासी बर्रा, विश्व बैंक) के साथ रहते थे। गुरुजी की पत्नी मिथलेश द्विवेदी का निधन पहले ही 22 जून 2021 को हो गया था। पत्नी के जाने के बाद से दोनों बेटियाँ ही उनकी सेवा में लगी रहीं।आश्रम में उमड़ा भक्तों का सैलाब
उनके निधन की खबर मिलते ही श्याम नगर स्थित हरिहर धाम के बाहर बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु इकट्ठा हो गए। आश्रम के बाहर ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जप करते हुए भक्तों की आंखों में आंसू थे। पुरुषों के साथ महिलाएं भी देर रात तक कीर्तन में जुटी रहीं। कारों और बाइकों से आने वालों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए गार्डों को अंदर भेजना पड़ा। एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे खुद मौके पर पहुंचे और मदर एंड चाइल्ड स्कूल से वीरेंद्र स्वरूप स्कूल तक बैरिकेडिंग करवाई गई।रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आने की संभावना
हरिहर दास महाराज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के गुरु माने जाते थे। गुरुजी का राजनीतिक और आध्यात्मिक दोनों ही क्षेत्रों में विशेष प्रभाव रहा है। माना जा रहा है कि रविवार को रक्षा मंत्री कानपुर पहुंच सकते हैं और अपने गुरु को अंतिम विदाई दे सकते हैं।गुरुजी की भविष्यवाणियों की चर्चा
गुरुजी अपने गूढ़ आध्यात्मिक ज्ञान और दूरदर्शिता के लिए प्रसिद्ध थे। शिष्य बताते हैं कि उन्होंने कई बार सटीक भविष्यवाणी की थीं। एक बार एक दंपति झगड़कर उनके पास आए थे। गुरुजी ने महिला से कहा था कि यह व्यक्ति अब सिर्फ 15 दिन का मेहमान है। और संयोगवश, 15वें दिन उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई। गुरु पूर्णिमा के दिन भी उन्होंने संकेत दिया था “यहां कोई परमानेंट नहीं आया है। छाती पर किसी का एग्रीमेंट नहीं है। हरे राम हरे कृष्ण का जप करते रहना चाहिए।”इस कथन को अब उनके अंतिम संदेश के रूप में याद किया जा रहा है।