Korba Nagar निगम की सामान्य सभा 27 मार्च को.. महापौर संजू पेश करेंगी पहला बजट
Korba Nagar Nigam: कोरबा जिले में 10 साल बाद कोरबा नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। महापौर संजू देवी राजपूत की ओर से सामान्य सभा में 27 मार्च को बजट पेश किया जाएगा।
Korba Nagar Nigam: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 10 साल बाद कोरबा नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। महापौर संजू देवी राजपूत की ओर से सामान्य सभा में 27 मार्च को बजट पेश किया जाएगा। अनुमान है कि यह बजट लगभग 850 करोड़ रुपए का होगा। इस बजट को लेकर कोरबा नगर निगम में तैयारियां शुरू हो गई है।
बजट में होने वाली घोषणाओं और निगम को प्राप्त होने वाली आय-व्यय का लेखा-जोखा लगाने में अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं। महापौर पहली बार 27 मार्च को बजट पेश करेंगीं। उमीद है कि इस बजट में महापौर की ओर से शहर में विकास को लेकर कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती है। इसमें सबसे बड़ी घोषणा शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित सामुदायिक भवनों के संचालन और मरमत के साथ-साथ वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की बढ़ोत्तरी शामिल हैं।
बजट पर टिकी है आम लोगों की निगाहें
निगम के कई वार्ड हैं जहां नालियों की स्थिति ठीक नहीं है। बस्ती में कांक्रीट सड़क का निर्माण भी नहीं हुआ है। बताया जाता है कि नगर निगम का पहला बजट शहरी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बढ़ोत्तरी पर केंद्रित रहेगा। नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शहर की जनता से कई वादे भी किए हैं। अब निगम की सत्ता में आने के बाद महापौर संजू देवी पार्टी इन वादों को लेकर भी बजट में घोषणा कर सकती है।
बजट पर विद्यार्थियों की नजर, भाजपा ने किया है नि:शुल्क आवागमन का वादा
27 मार्च को होने वाली निगम की सामान्य सभा पर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की नजर टिकी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने निगम चुनाव से पूर्व जारी किए गए अपने घोषणापत्र में महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सिटी बस में नि:शुल्क आवागमन की सुविधा देने का वादा किया है। आने वाले महीनों में नया शिक्षा सत्र चालू हो रहा है और भाजपा की घोषणा पर विद्यार्थियों की नजर टिकी हुई है। इसके अलावा भाजपा की ओर से शहर के हाट-बाजारों को मॉडल बनाने का वादा किया गया था। पूर्व से कोरबा शहर में कई छोटे-बड़े बाजार लगते हैं।
बड़ी घोषणा की उम्मीद
इसमें मुड़ापार, बुधवारी बाजार, इतवारी बाजार, मानिकपुर, दर्री, एनटीपीसी क्षेत्र में लगने वाले बाजार शामिल हैं। पार्टी ने हाट-बाजारों को मॉडल बनाने का वादा किया है। पूर्व में बनाए गए हाट-बाजारों की स्थिति वर्तमान में संतोषजनक नहीं है। बाजारों को मरमत की जरूरत है। बाजारों में कारोबार करने वाले लोग भी इस बजट पर नजर जमाए हुए हैं। इसके अलावा भाजपा की ओर से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा और हाइमास्ट लाइट लगाने का वादा किया गया था।
पुरानी सरकार घोषणाओं तक सिमटी, धरातल पर नहीं उतार पाई योजना, फल मार्केट नहीं बना
भाजपा से पहले नगर निगम में कांग्रेस की सरकार थी। पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद इसका नेतृत्व करते थे। राजकिशोर ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए नगर निगम की ओर से प्रस्तुत बजट में शहर के विकास को लेकर कई घोषणाएं की थी।
इसमें सबसे बड़ी घोषणा नगर निगम क्षेत्र में थोक फल मार्केट का निर्माण, अशोक वाटिका का विस्तार, तालाबों का सौंदर्यीकरण, वार्डों में मंगल भवन का निर्माण,विद्युतीकरण के लिए स्ट्रीट लाइटों का विस्तार, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत करने का वादा किया था। विभिन्न स्थानों पर वाई-फाई लगाने की घोषणा की थी लेकिन महापौर अधिकर वादों को पूरा नहीं कर सके।
पार्कों की स्थिति ठीक नहीं
शहर में कई पार्क स्थित हैं। निहारिका स्थित स्मृति उद्यान में लगे झूले टूट चुके हैं। यहां आने वाले लोगों को मायूसी होती है। लोगों को उमीद है कि महापौर संजू देवी राजपूत की नेतृत्व वाली शहर की नई सरकार पार्कों की सुध लेगी और मनोरंजन के लिए सुविधाएं बढ़ाएगी। गौरतलब है कि पूर्व में कांग्रेस की सरकार ने पार्कों में सुविधाओं की बढ़ोत्तरी को लेकर कई वादे किए थे लेकिन पार्कों की स्थिति जस की तस रही।
नगर निगम की सामान्य सभा 27 मार्च को होने जा रही है। इसके लिए निगम की तैयारी जोरों पर है। इस समान्य सभा में महापौर संजू देवी राजपूत अपना पहला बजट पेश करेंगीं। उमीद है कि इस बजट में नगरीय निकाय चुनाव में जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती हैं। निगम के अधिकारी और कर्मचारी बजट को अंतिम रूप देने के लिए लगे हुए हैं।
Hindi News / Korba / Korba Nagar निगम की सामान्य सभा 27 मार्च को.. महापौर संजू पेश करेंगी पहला बजट