Women safety campaign: महिलाओं ने सीसीटीवी कैमरा लगाने की रखी मांग
पत्रिका ने महिलाओं से इस संबंध में चर्चा की। महिलाओं ने अपनी बात बेबाकी से रखी। उनका कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही महिलाएं भी स्वयं की सुरक्षा को लेकर भी अलर्ट रहें। पत्रिका से चर्चा में महिलाओं ने सीसीटीवी कैमरा लगाने, महिला थाना बनाने, सखी सेंटर बनाने जैसी मांगें रखी। इसके अलावा कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए महिलाओं के लिए नि:शुल्क व्यवस्था करने की बात भी कही। सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराध के लिए भी स्वयं जागरूक रहने पर जोर दिया।
महिला थाना बने
रसोइया संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने बताया कार्य स्थल पर सीसीटीवी कैमरा होना चाहिए। इससे महिला संबंधी अपराध में कमी आएगी। महिला थाना बनाना चाहिए।
महिला सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर भी सीवीटीवी कैमरा लगाने चाहिए।
आवाज उठाना जरूरी
छात्रा अदिति चंद्राकर ने बताया कि महिलाएं व छात्राओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाता है। यह अच्छी पहल है, लेकिन अन्यास के विरूद्ध आवाज उठाना भी जरूरी है। कानून और व्यवस्था सुधार की जरूरत है। कॉलेज परिसरों में सीसीटीवी कैमरे होना चाहिए। सोशल मीडिया पर बढ़ते अपराध पर रोक लगाने के लिए प्रयास होने चाहिए।
स्वयं भी जागरूक हों
समाजसेवी व मार्गदर्शक महिला समूह प्रेमशीला ने बताया कि कार्य स्थल पर महिलाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार से सुरक्षित रखना है। इसके लिए प्रयास होना जरूरी है। महिलाओं को भी अपनी स्वयं की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क रहना जरूरी है। कानून व्यवस्था में भी सुधार की जरूरत है। जिससे महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके।
बसों में हो पैनिक बटन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की प्रेदश अध्यक्ष सुधा रात्रे ने बताया कि महिलाआें के ऊपर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए कानूनी संस्थानों में योग्य व अनुभवी लोगों की भर्ती होनी चाहिए, जिससे वे बिना किसी दबाव के अपने जिम्मेदारी निभा सकें। सार्वजनिक स्थलों में सीसीटीवी कैमरा है। बसों में पैनिक बटन जैसी सुविधा होनी चाहिए।
सोच बदलने की जरूरत
Women safety campaign: छात्रा बिलकिस बानो ने बताया कि महिलाएं किसी भी कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य कर सकें, ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए। इसके लिए कार्यस्थलों को भी अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। लोगों को अपनी सोच बदलनी भी जरूरी है।