scriptमहाराष्ट्र से गायब नहीं हैं 107 पाकिस्तानी, CM फडणवीस बोले- सुबह तक सभी अपने वतन लौट जाएंगे | 107 Pakistanis are not missing from Maharashtra says CM Fadnavis | Patrika News
मुंबई

महाराष्ट्र से गायब नहीं हैं 107 पाकिस्तानी, CM फडणवीस बोले- सुबह तक सभी अपने वतन लौट जाएंगे

Pahalgam Terror Attack : महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक राज्य में अवैध तरीके से रहता है तो सख्त कार्रवाई की जाए।

मुंबईApr 27, 2025 / 09:28 pm

Dinesh Dubey

Devendra Fadnavis CM maharashtra
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 107 पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबर को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के गृह मंत्री के तौर पर मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों का पता लगा लिया गया है और उन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया चल रही है।’’ मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक राज्य में रह रहे सभी पाकिस्तानियों को उनके देश वापस भेज दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “107 पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबर अफवाह हैं। गृहमंत्री के तौर पर मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि 107 पाकिस्तानी नागरिकों के लापता होने की खबरें निराधार हैं। इस तरह की भ्रामक जानकारी नहीं फैलाई जानी चाहिए। मैं भरोसा दिलाता हूं कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों का पता लगा लिया गया है और उन्हें देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उचित व्यवस्था की जा रही है और कोई भी पाकिस्तानी नागरिक महाराष्ट्र में नहीं रहेगा। मेरा अनुमान है कि आज शाम या कल सुबह तक वे सभी अपने देश लौट जाएंगे।”
यह भी पढ़ें

एक्शन में फडणवीस सरकार, खोज-खोजकर पाकिस्तानियों को देश से किया जा रहा बाहर, सीएम ने दी चेतावनी

सीएम ने लोगों से ऐसी भ्रामक खबरें न फैलाने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि पूरी स्थिति पर सरकार की नजर है। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि महाराष्ट्र आये 5023 पाकिस्तानी नागरिकों में से 107 का कुछ पता नहीं चल पा रहा और वह लापता हो गए हैं। हालांकि, पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने बताया कि सभी नागरिकों का रिकॉर्ड मौजूद है और उनकी वापसी की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
बता दें कि पाकिस्तानी नागरिक विभिन्न कारणों से महाराष्ट्र आए थे। पिछले हफ्ते जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी पाकिस्तानियों का वीजा रद्द कर दिया। जिसके बाद इन्हें वापस भेजा जा रहा है।

Hindi News / Mumbai / महाराष्ट्र से गायब नहीं हैं 107 पाकिस्तानी, CM फडणवीस बोले- सुबह तक सभी अपने वतन लौट जाएंगे

ट्रेंडिंग वीडियो