scriptMann Ki Baat: PM मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन, बोले- 8 मार्च पर मेरा सोशल प्लेटफॉर्म संभालेंगी महिलाएं | Mann Ki Baat: PM Modi saluted women power, said- Women will handle my social platform on March 8 | Patrika News
राष्ट्रीय

Mann Ki Baat: PM मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन, बोले- 8 मार्च पर मेरा सोशल प्लेटफॉर्म संभालेंगी महिलाएं

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कहा कि इस बार महिला दिवस पर उनके सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी।

भारतFeb 23, 2025 / 11:47 am

Shaitan Prajapat

Mann Ki Baat
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 119वें एपिसोड में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए देशभर की नारी शक्ति को नमन किया। पीएम मोदी ने घोषणा की कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स महिलाओं के हवाले किए जाएंगे। यह अनूठी पहल उन महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने के लिए है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।

इस बार 8 मार्च पर मेरा सोशल प्लेटफॉर्म संभालेंगी महिलाएं : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी शक्ति को समर्पित होगी। इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स जैसे एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम को देश की कुछ प्रेरणादायी महिलाओं को एक दिन के लिए सौंपूंगा। ऐसी महिलाएं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है, अपने अनुभवों और उपलब्धियों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी। प्लेटफॉर्म भले ही मेरा होगा, लेकिन वहां उनकी कहानियां, उनकी चुनौतियाँ और उनकी सफलता की यात्रा सुनाई देगी।
पीएम मोदी ने महिलाओं को इस पहल में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इच्छुक महिलाएं ‘नमो ऐप’ पर बनाए गए विशेष फोरम के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। यह अवसर महिलाओं को अपनी प्रेरक कहानियां पूरी दुनिया तक पहुंचाने का मंच देगा।

महिलाओं के योगदान का किया उल्लेख

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत के विकास में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महिलाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए हंसा मेहता जी के योगदान को याद किया। पीएम मोदी ने कहा, हंसा मेहता जी ने हमारे राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका मानना था कि तिरंगे के केसरिया रंग में नारी शक्ति की भावना समाहित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया था कि हमारी महिलाएं भारत को सशक्त और समृद्ध बनाने में अहम योगदान देंगी और आज उनकी बात सच साबित हो रही है। आप किसी भी क्षेत्र में देखें, महिलाएं हर जगह आगे बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री ने विज्ञान, खेल, राजनीति, उद्यमिता और रक्षा क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में अब महिलाएं फाइटर पायलट बन रही हैं, स्पेस मिशनों का नेतृत्व कर रही हैं और वैश्विक मंचों पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास

प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की महिला सशक्तिकरण संबंधी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘उज्ज्वला योजना’, ‘जन धन योजना’ जैसी पहलें महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में महिलाओं की भागीदारी न केवल बढ़ी है, बल्कि उन्होंने नेतृत्व की नई मिसालें भी कायम की हैं।

नारी शक्ति को सलाम

अपने संदेश के अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को सलाम करें और उनके योगदान का सम्मान करें। उन्होंने कहा, अदम्य नारी शक्ति की कहानियां न केवल हमें प्रेरित करेंगी बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी मदद करेंगी। आइए, इस महिला दिवस पर हम सभी मिलकर महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाएं, उनका सम्मान करें और उनके अदम्य साहस को नमन करें।
प्रधानमंत्री की यह पहल महिलाओं को अपनी आवाज बुलंद करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगी और देशभर में महिला सशक्तिकरण के संदेश को और मजबूत बनाएगी।

Hindi News / National News / Mann Ki Baat: PM मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन, बोले- 8 मार्च पर मेरा सोशल प्लेटफॉर्म संभालेंगी महिलाएं

ट्रेंडिंग वीडियो