पत्नी की हत्या कर बेटी के साथ फरार हो गया था आरोपी
डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया “दिल्ली के रनहोला इलाके में एक मकान मालिक ने 18 अक्टूबर 2016 को कमरे से भयंकर बदबू आने की पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर पहुंची। जहां प्लास्टिक बैग में पैक एक महिला का शव मिला था। महिला की गला काटकर हत्या की गई थी। मौके पर लोगों से पूछताछ की गई तो पता चला कि महिला का पति और उसकी बेटी गायब है। इसके चलते प्रारंभिक तौर पर महिला के पति को घटना का संदिग्ध माना गया। पुलिस के काफी खोजबीन के बाद भी संदिग्ध आरोपी का कुछ पता नहीं चला।”
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गहन जांच के बाद पकड़ा आरोपी
डीसीपी ने बताया “काफी जांच पड़ताल के बाद जब संदिग्ध आरोपी और उसकी बेटी का सुराग नहीं लगा तो केस क्राइम ब्रांच के हवाले किया गया। इसके बाद दिल्ली की क्राइम ब्रांच शाखा ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया। साथ ही मामले की नए सिरे से जांच-पड़ताल शुरू की। इस दौरान कई गवाहों और स्थानीय लोगों से व्यापक पूछताछ की गई। इसपर क्राइम ब्रांच को पता चला कि आरोपी बिहार के शेखपुरा का रहने वाला है। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम बिहार पहुंची। जहां कई प्रयासों के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी।” बिहार के शेखपुरा में बेटी के साथ रह रहा था आरोपी
डीसीपी ने आगे बताया “क्राइम ब्रांच की कई बार छापेमारी और स्थानीय स्तर पर सुरागकशी करने के बाद आरोपी की लोकेशन का पता चल गया। इसके बाद बीते शनिवार को क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर बिहार के शेखपुरा में आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई के लिए उसे दिल्ली लाया गया। यहां आरोपी ने पूछताछ में हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया।”
आरोपी ने बताया पत्नी की हत्या का कारण
डीसीपी आदित्य गौतम के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पीड़िता से प्रेम विवाह किया था। उसके पीड़िता के साथ पहले से ही संबंध थे। विवाह के बाद पीड़िता के साथ उसकी अक्सर लड़ाई होती थी। इससे वह बहुत परेशान हो गया था। एक दिन लड़ाई होने के चलते उसे ज्यादा तनाव हो गया। इसपर उसने गुस्से में आकर पत्नी का चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के बैग में भरा, लेकिन ज्यादा घबराहट होने के चलते शव को वहीं छोड़कर अपनी चार साल की बेटी के साथ फरार हो गया।