scriptMalviya Nagar Assembly Election Result 2025: तीन बार के विजेता की भाजपा ने तोड़ी कमर, इतने अंतर से चुनाव हारे सोमनाथ भारती | Malviya Nagar Assembly Election Result 2025 know election counting result of Malviya Nagar assembly seat | Patrika News
नई दिल्ली

Malviya Nagar Assembly Election Result 2025: तीन बार के विजेता की भाजपा ने तोड़ी कमर, इतने अंतर से चुनाव हारे सोमनाथ भारती

Malviya Nagar Assembly Election Result 2025: पहले कांग्रेस फिर आम आदमी पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली मालवीय नगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने 27 साल बाद कमल खिला दिया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी रिकॉर्ड बनाने से चूक गई।

नई दिल्लीFeb 08, 2025 / 04:26 pm

Vishnu Bajpai

Malviya Nagar Assembly Election Result 2025: तीन बार के विजेता की भाजपा ने तोड़ी कमर, इतने अंतर से चुनाव हारे सोमनाथ भारती
Malviya Nagar Assembly Election Result 2025: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से एक मालवीय नगर विधानसभा सीट (Matiala Assembly Election 2025) दिल्ली चुनाव 2025 में काफी अहम मानी जा रही थी। शहरी इलाके की इस सीट पर आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती चौथी बार चुनावी मैदान में थे। उन्हें भाजपा के सतीश उपाध्याय ने 2131 वोटों के अंतर से चुनाव में शिकस्त दे दी। मालवीय नगर विधानसभा सीट पर साल 1993 में भाजपा ने पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद साल 1998 से साल 2008 तक कांग्रेस के कब्जे में रही। हालांकि साल 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोटर आम आदमी पार्टी की ओर शिफ्ट हो गया।
इसके चलते लगातार तीन बार से यहां आम आदमी पार्टी चुनाव में जीत दर्ज कर रही थी। इस बार भाजपा के सतीश उपाध्याय ने 2131 मतों से चुनाव जीत लिया। सतीश उपाध्याय को दिल्ली चुनाव 2025 में 39564 वोट मिले। जबकि आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को 37433 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा 6770 वोटों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी जितेंदर कुमार कोचर तीसरे नंबर के प्रत्याशी रहे। जबकि मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में 532 लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया और चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।

साल 1993 में पहली बार जीती थी भाजपा

मालवीय नगर विधानसभा सीट पर राजनीतिक मुकाबला हमेशा दिलचस्प होता है। अब तक हुए सात चुनाव में यहां पर पहली बार साल 1993 में भाजपा की जीत हुई थी। साल 1993 में भाजपा के राजेंद्र गुप्ता मालवीय नगर से विधायक बने थे। इसके बाद साल 1998, 2003 में लगातार दो बार कांग्रेस के डॉ. योगानंद शास्त्री ने चुनाव जीता। साल 2008 में कांग्रेस के टिकट पर डॉ. किरण वालिया ने जीत हासिल की। हालांकि आम आदमी पार्टी के अस्तित्व में आने के बाद कांग्रेस का वोटर आप में शिफ्ट हो गया और लगातार तीन बार यहां से आप के सोमनाथ भारती जीत रहे हैं।
यह भी पढ़ें

केजरीवाल, आतिशी, अवध ओझा पीछे; बीजेपी को बहुमत

मालवीय नगर विधानसभा का जानिए पूरा समीकरण

मालवीय नगर विधानसभा सीट दक्षिणी दिल्ली जिले में आती है। यह दिल्ली के प्रमुख शहरी इलाकों में से एक मानी जाती है। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख क्षेत्रों में मालवीय नगर, ग्रीन पार्क, हौजखास, आईआईटी कैंपस, साकेत, किशनगढ़, संगम विहार और महेन्द्र पार्क शामिल हैं। इसमें से मालवीय नगर, गौतम नगर, हौज खास, सफदरजंग डिवेलपमेंट क्षेत्र में पंजाबी मतदाताओं का दबदबा है।
यह भी पढ़ें

एग्जिट पोल नतीजे सही साबित हुए तो ऐसे बढ़ेगी ‘आप’ की चुनौती

जबकि कालू सराय, कुमार बस्ती, हौज रानी, जहांपनाह और बेगमपुर क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसके अलावा इस सीट पर झुग्गी झोपड़ी और पॉश दोनों प्रकार के लोग रहते हैं। अब तक हुए कुल सात चुनाव में तीन बार इस सीट से कांग्रेस ने जीत हासिल की है तो पिछले तीन चुनाव में लगातार आम आदमी पार्टी जीत रही है।

पिछले दो बार का क्या रहा चुनावी परिणाम?

मालवीय नगर विधानसभा सीट पर साल 2020 के चुनावों की बात करें तो यहां आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला था। साल 2020 में आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को 52,043 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के शैलेन्द्र सिंह को 33,899 वोट प्राप्त हुए थे। कांग्रेस की नीतू वर्मा सोइन को भी 2,856 वोट मिले थे। हार जीत का अंतर 20.2% था। वहीं अगर बात साल 2015 की करें तो यहां आप के सोमनाथ भारती को 51,196 वोट मिले थे। जबकि बीजेपी की डॉ. नंदिनी शर्मा को 35,299 वोट प्राप्त हुए थे। वहीं कांग्रेस के योगानंद शास्त्री को 5,555 वोट मिले थे। हार जीत का अंतर 17.1% था।

Hindi News / New Delhi / Malviya Nagar Assembly Election Result 2025: तीन बार के विजेता की भाजपा ने तोड़ी कमर, इतने अंतर से चुनाव हारे सोमनाथ भारती

ट्रेंडिंग वीडियो