scriptएमसीएच में अब सुबह ८ बजे से रात ८ बजे तक ड्यूटी पर मौजूद रहेंगी महिला चिकित्सक | Patrika News
समाचार

एमसीएच में अब सुबह ८ बजे से रात ८ बजे तक ड्यूटी पर मौजूद रहेंगी महिला चिकित्सक

-कलेक्टर ने सिविल सर्जन को रोस्टर बनाने के दिए निर्देश
-जिला अस्पताल में प्रसव मामलों में हो रहे हंगामें में मिल रही शिकायतों के आधार पर कलेक्टर ने जारी किए निर्देश।

दमोहFeb 19, 2025 / 08:32 pm

आकाश तिवारी


दमोह. जिला अस्पताल के एमसीएच में अब प्रतिदिन सुबह ८ बजे से रात ८ बजे तक एक स्त्रीरोग विशेषज्ञ ड्यूटी पर मौजूद रहेंगी। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने सिविल सर्जन को रोस्टर तैयार कर निर्देशों का पालन करने को कहा है। हालांकि इस तरह का रोस्टर पहले भी बना था, लेकिन उसमें काफी ढील बरती जा रही थी। कुछ दिन पहले जिला अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया था, जिसमें परिजनों ने ड्यूटी पर डॉक्टर न होने के आरोप भी लगाए थे।
प्रसूताओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए कलेक्टर ने रोस्टर तैयार कर इसका पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि यहां एक परेशानी महिला चिकित्सकों की कमी को लेकर भी है। बताया जाता है कि यहां पर बांड वाले चिकित्सक नहीं हैं। जो तैनात थे, उनका बांड पूर्ण हो गया है और वे जिला अस्पताल से रिलीव हो चुके हैं। ऐसे में अस्पताल में तीन क्लास वन और तीन ही क्लास टू स्त्री रोग विशेषज्ञ ही तैनात हैं। इन पर ही जिले भर से आने वाली प्रसूताओं की जिम्मेदारी है।
-लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
एमसीएच में रोस्टर अनुसार ड्यूटी कर रही नर्सिंग स्टाफ के लिए भी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रसूताओं की समय पर जांच, रिपोर्ट्स और मॉनीटरिंग में लापरवाही न बरतने को कहा गया है। एमसीएच इंचार्ज को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-हर रोज ४० से ज्यादा हो रहे प्रसव
जिला अस्पताल में औसतन हर रोज ४० प्रसव हो रहे हैं। परेशानी की बात यह है कि अब अस्पताल में बांड के डॉक्टर नहीं है। मैनपावर कम होने से प्रसूताओं की परेशानी बढ़ सकती है। सूत्रों की माने तो जटिल केस जबलपुर रेफर किए जा रहे हैं। गंभीर मामलों में डॉक्टर जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। यही वजह है कि रेफर की जाने वाली प्रसूताओं की संख्या भी काफी बढ़ रही है।
-फैक्ट फाइल
सुबह ८ बजे से रात ८ बजे तक १२ घंटे स्त्रीरोग विशेषज्ञ रहेंगी वार्ड में।
-हाइरिस्क प्रसूताओं पर रखेंगी फोकस।
-रात ८ बजे के बाद से ऑन कॉल पर रहेंगे विशेषज्ञ।
-प्रतिदिन एक डॉक्टर रोस्टर अनुसार करेगा ड्यूटी।
वर्शन

हमने रोस्टर बना दिया है
एमसीएच में स्त्रीरोग विशेषज्ञों का रोस्टर बना दिया गया है। सभी की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। समस्या यह है कि हमारे यहां बांड वाले डॉक्टर अब नहीं हैं।
डॉ. राकेश राय, सिविल सर्जन

Hindi News / News Bulletin / एमसीएच में अब सुबह ८ बजे से रात ८ बजे तक ड्यूटी पर मौजूद रहेंगी महिला चिकित्सक

ट्रेंडिंग वीडियो