मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सैम पित्रौदा (Sam Pitroda) के हर बयान के बाद उसे निजी बयान बता देना भी कांग्रेस की पहले से तय नीति है। अपने नेता से बयान दिलाकर पहले देश विरोधियों को तुष्ट कर देना और फिर भारत में उसे निजी बयान बता देना… यह साबित करता है कि कांग्रेस आज भी ‘चोर से कहो चोरी कर और गृह स्वामी से कहो जागते रह’ की अपनी पुरानी नीति पर कायम है। संबंधित देश के सत्ताधारी से कांग्रेस (Congress) का आधिकारिक समझौते के कारण ही ये तमाम बयान आते हैं। साय ने कहा कि अगर सैम के बयान से सहमति नहीं है तो क्या उन्हें पार्टी से निष्कासित करेगी कांग्रेस? अगर उन्हें बर्खास्त नहीं किया जाता है, तो यह साबित होगा कि पार्टी आलाकमान के इशारे पर ही देश को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है। यह निंदनीय है। इसे कतई सहन नहीं किया जा सकता।
बता दें कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (Indian Overseas Congress) के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने एक साक्षात्कार में कहा कि चीन (China) हमारा दुश्मन नहीं है, बल्कि हमें उसके विकास का सम्मान करना चाहिए। समय आ गया है कि हम चीन से संवाद और सहयोग बढ़ाएं। पित्रोदा का बयान सामने आते ही कांग्रेस ने इससे किनारा कर लिया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पोस्ट में कहा कि पित्रोदा के विचार कांग्रेस का विचार नहीं हैं।