घटना पांच जून को रायसेन जिले के मेगांव में हुई। सिंरोज के मृतक जुनैद के परिवार ने पुलिस को बताया कि वह भोपाल में जिंसी में डेयरी चलाता था। विदिशा में भी दुग्ध व्यापार से जुड़ा था। वह श्यामपुर निवासी साथी अरमान के साथ धनोरा से सिरोंज के लिए ६ गाय लेकर जा रहा था। इसी बीच मेगांव में 20-25 लोगों ने दोनों को रोक लिया। दोनों को रातभर सभी ने पीटा। घटना के बाद रायसेन पुलिस को जानकारी मिली तो दोनों को पहले विदिशा अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां जुनैद की मंगलवार को मौत हो गई।
दो लाख भी लूटे
दोनों के परिजनों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने मारपीट कर करीब दो लाख रुपए भी लूट लिए। पुलिस ने मामले में विदिशा के ध्रुव चतुर्वेदी, गगन दुबे और करारिया निवासी रामपाल राजपूत को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है। रायसेन एसपी ने बताया, पहले हत्या के प्रयास का माला दर्ज किया था। अब हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
गो-तस्करी का मामला था दर्ज
घटना के बाद जिन लोगों ने जुनैद और अरमान को पकड़ा, तब दोनों को वे थाने भी ले गए थे। पुलिस ने लोगों की शिकायत के बाद जुनैद पर गो-तस्करी का केस दर्ज किया था। एसपी का कहना है, जुनैद के खिलाफ पहले से गो-तस्करी के दो और अन्य दो आपराधिक केस दर्ज हैं।