किसानों की जेब और मुंह में शक्कर
शुगर मिल में हुई 15.80 लाख क्विंटल गन्ना पिराई, किसानों को मिले 60 करोड़


- श्रीगंगानगर.करणपुर तहसील क्षेत्र में स्थित कमीनपुरा शुगर मिल में गुरुवार सुबह तक गन्ना पिराई सीजन समाप्त हो जाएगा। इस सीजन में कुल 15.80 लाख क्विंटल गन्ना पिराई के लिए मिल प्रबंधन को मिलेगा, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 14.23 लाख क्विंटल था। इस वर्ष किसानों को 60 करोड़ रुपए का भुगतान मिलेगा। गन्ना पिराई सीजन 11 दिसंबर को प्रारंभ हुआ था। इस बीच मिल में कुल 131 घंटे का ब्रेकडाउन हुआ, जो गत वर्ष के 138 घंटे के मुकाबले कम रहा।
- शुगर मिल संचालन के दौरान इस साल पांच से छह लाख क्विंटल गन्ना श्रीगंगानगर जिले से फाज्लिका मिल (पंजाब) में भी पिराई के लिए चला गया। इसके अलावा, करणपुर क्षेत्र में 40 से 50 कोल्हू वाले किसानों ने गुड़ बनाकर भी बेचान किया। मिल प्रबंधन ने अनुमान लगाया था कि इस वर्ष 20 लाख क्विंटल गन्ना पिराई के लिए मिलेगा, लेकिन कम मिला। हालांकि जिले में इस वर्ष गन्ना का उत्पादन 32 से 34 लाख क्विंटल अनुमानित किया गया था।
चीनी की रिकवरी का औसत रहा कम
- सिंचाई पानी की कमी और पर्याप्त बारिश का नहीं होने से गन्ने का प्रति बीघा उत्पादन और गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इस वर्ष गन्ना की फसल 19 हजार बीघा में थी, जिससे उत्पादन में वृद्धि हुई है। चीनी की रिकवरी इस वर्ष 8.25 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष यह 8.48 प्रतिशत थी।
ज्यादा चीनी, ज्यादा बिजली बनी
- उप-महाप्रबंधक सुधीर जावला ने बताया कि मिल ने इस साल 2 लाख 62 हजार बैग चीनी का उत्पादन किया है, जो पिछले वर्ष से 18 हजार बैग अधिक है। वहीं मिल द्वारा बिजली उत्पादन में भी सुधार हुआ है, इस बार 40 लाख यूनिट बेची गई है, जबकि पिछले वर्ष 36 लाख यूनिट बेची गई थी।
फैक्ट फाइल:
- इस वर्ष गन्ना पिराई: 15.80 लाख क्विंटल
- पिछले वर्ष गन्ना पिराई: 14.23 लाख क्विंटल
किसानों को भुगतान: 60 करोड़ रुपए
चीनी की रिकवरी: 8.25 प्रतिशत
इस वर्ष चीनी उत्पादन: 2 लाख 62 हजार बैग
पिछले वर्ष चीनी उत्पादन: 2 लाख 44 हजार बैग
गन्ना पिराई की अवधि: 121 दिन
शेष भुगतान जल्दी कर दिया जाएगा
- गन्न पिराई सीजन गुरुवार को समाप्त हो जाएगा। करीब 15.80 लाख क्विंटल गन्ना पिराई होने का अनुमान है। 15 मार्च तक के गन्ने का किसानों को भुगतान कर दिया है और शेष भुगतान जल्दी कर दिया जाएगा।
- प्रदीप कुमार अरोड़ा, कार्यवाहक महाप्रबंधक, शुगर मिल
Hindi News / Sri Ganganagar / किसानों की जेब और मुंह में शक्कर