CG Panchayat Chunav 2025: पंचायत चुनाव का दूसरा चरण कल, महिला सशक्तिकरण के लिए बनाए गए 20 पिंक बूथ
CG Panchayat Chunav 2025: पंचायत चुनाव के दूसरा चरण के तहत 20 फरवरी को वोटिंग होनी है। वहीं महिला सशक्तिकरण के लिए 20 पिंक बूथ बनाए गए हैं। निर्वाचन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
CG Panchayat Chunav 2025: सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तहत 20 फरवरी को मतदान संपन्न होगा। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव के दिशा-निर्देश में निर्वाचन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
CG Panchayat Chunav 2025: महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम
इस चुनाव में कुल 165 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2 शिफ्टेड मतदान केंद्र, 20 पिंक बूथ, 2 अस्थायी मतदान केंद्र और 147 संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। शिफ्टेड मतदान केंद्रों में शासकीय हाई स्कूल कोर्रा के कक्ष क्रमांक-1 और कक्ष क्रमांक-2 को शामिल किया गया है। इस चुनाव में कुल 69,924 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 32,545 पुरुष और 37,379 महिला मतदाता शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
महिला सशक्तिकरण के लिए पिंक बूथ
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 20 पिंक बूथ बनाए गए हैं, जहां केवल महिला मतदान अधिकारी और कर्मचारी तैनात होंगे। इन बूथों पर महिलाओं के लिए बेहतर मतदान अनुभव सुनिश्चित किया जाएगा।
कांग्रेस और भाजपा को मिली बड़ी सफलता
वहीं सुकमा ब्लॉक में सोमवार को संपन्न हुए जिला पंचायत सदस्य चुनाव में गादीरास और केरलापाल क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा को बड़ी सफलता मिली। गादीरास क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गीता कवासी ने जीत हासिल की, जबकि केरलापाल क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी माड़े बारसे ने फिर से चुनाव जीता।
सुकमा जनपद पंचायत के लिए हुए चुनाव में कुल 10 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें से भाजपा को चार, सीपीआई को चार और कांग्रेस को दो सीटों पर विजय मिली। कांग्रेस को जनपद सदस्य के दो सीटों का नुकसान हुआ, वहीं भाजपा को दो सीटों का फायदा हुआ। चुनाव के आधिकारिक आंकड़े अभी तक जारी नहीं हुए हैं।
CG Panchayat Chunav 2025: जनपद पंचायत छिंदगढ़ में जिला पंचायत सदस्य के 5 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 17 पद, सरपंच के 60 पद और पंच के 845 पदों के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्ति के पश्चात, त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के द्वितीय चरण का मतदान परिणाम घोषित किया जाएगा, जैसा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किया जाता है।
Hindi News / Sukma / CG Panchayat Chunav 2025: पंचायत चुनाव का दूसरा चरण कल, महिला सशक्तिकरण के लिए बनाए गए 20 पिंक बूथ