उत्तर प्रदेश के उन्नाव के गंगा घाट थाना क्षेत्र के रजवा खेड़ा गांव में बीते रविवार की रात तिलकोत्सव कार्यक्रम चल रहा था। परियर धोबियन पुरवा निवासी शीतल पुत्री जगदीश और प्रीति पुत्री विष्णु का तिलक चढ़ रहा था। जिनकी शादी गंगा घाट थाना क्षेत्र के रजवाखेड़ा निवासी विजय और सुनील पुत्रगण डोरी लाल के साथ तय हुई थी। बीती रात दोनों परिवार हंसी खुशी का माहौल था। इसी बीच जीतू ने देसी कट्टे से हर्ष फायरिंग कर दी। गोली 25 वर्षीय रवि के सीने में घुस गई। वह मौके पर ही गिर गया। यह देख अफरातफरी मच गई।
कानपुर अस्पताल में मृत घोषित किया गया
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रवि को काशीराम अस्पताल कानपुर में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी नगर भी पहुंच गई। गंगा घाट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। इधर आरोपी और उसके घर के सदस्य घर में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।