पेरू के पास दो विशाल बंदरगाह हैं
पेरू के विदेश मंत्री ने स्पष्ट रूप से यह भी कहा कि पेरू के पास दो विशाल बंदरगाह हैं, जो भारत के साथ व्यापारिक मार्गों को सुगम बना सकते हैं। इसके अलावा, पेरू में हवाई और नौसैनिक हब के निर्माण से दोनों देशों के बीच व्यापार को और भी सुदृढ़ किया जा सकता है। ध्यान रहे कि पेरू, लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। यह समझौता विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा और दोनों देशों के लिए पारस्परिक लाभ और उन्नति के मार्ग खोलेगा।
भारत और पेरू मुक्त व्यापार समझौता : एक नजर
भारत और पेरू मुक्त व्यापार समझौते के लिए 2017 में बातचीत शुरू हुई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण रुक गई थी। इस संबंध में अक्टूबर 2023 में वर्चुअल माध्यम से एक विशेष दौर की बातचीत हुई थी, और उसके बाद की बैठक अप्रेल 2024 में होने की उम्मीद थी। जानकारी के अनुसार भारत और पेरू के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है, और वित्त वर्ष 2022-23 में द्विपक्षीय व्यापार 3.12 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया था। भारत से पेरू को निर्यात किए जाने वाले प्रमुख उत्पादों में मोटर वाहन, सूती धागा और फार्मास्युटिकल्स शामिल हैं। पेरू से भारत को आयात किए जाने वाले प्रमुख उत्पादों में सोना, तांबा अयस्क और सांद्र सम्मिलित हैं। इसके अलावा पेरू से भारत के आयात का 80% सोना है, और सोने पर शुल्क रियायत मुक्त व्यापार समझौते के तहत भारत के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है
भारतीय बाजार के लिए अवसर
भारत, जो दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, पेरू के उत्पादों के लिए एक संभावित बड़ा बाजार हो सकता है। खासकर पेरू के खनिज, कृषि उत्पाद और समुद्री उत्पाद भारतीय बाजार में बेहतर स्थान बना सकते हैं। इसके अलावा,पेरू के लिए भी भारतीय उत्पादों को अपनी अर्थव्यवस्था में शामिल करना एक लाभकारी अवसर हो सकता है।
दोनों देशों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण
बहरहाल भारत और पेरू के बीच मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके तहत व्यापार और निवेश की बढ़ती संभावनाओं के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी प्रगति मिल सकती है। अगर पेरू की ओर से प्रस्तावित अवसंरचना विकास योजनाएं सफल होती हैं, तो यह समझौता दोनों देशों के लिए दीर्घकालिक लाभ वाला साबित हो सकता है।