scriptभाजपा विधायक हेब्बार ने गारंटी योजनाओं को बताया अपरिहार्य, भाजपा की गुटबाजी पर रखा मौन | BJP MLA Hebar called guarantee schemes inevitable, | Patrika News
बैंगलोर

भाजपा विधायक हेब्बार ने गारंटी योजनाओं को बताया अपरिहार्य, भाजपा की गुटबाजी पर रखा मौन

गारंटी योजनाओं ने शुरुआत में विकास कार्यों को प्रभावित किया था। अब सब कुछ सही हो रहा है। हमारे समाज में समान समाज का निर्माण होना चाहिए और इस पृष्ठभूमि में ऐसी योजनाएं लागू करना अपरिहार्य है। अगर स्थानीय भाजपा नेता गारंटी की आलोचना कर रहे हैं, तो पार्टी ने महाराष्ट्र और दिल्ली में क्या किया?

बैंगलोरFeb 22, 2025 / 11:06 pm

Sanjay Kumar Kareer

five-guarantee
बेंगलूरु. एक ओर भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि अवैज्ञानिक गारंटी लागू करके कांग्रेस सरकार राज्य को दिवालियेपन की ओर धकेल रही है, दूसरी ओर, कारवार से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री शिवराम हेब्बार ने कहा कि समान समाज बनाने के लिए गारंटी योजनाएं अपरिहार्य हैं।
हेब्बार ने सिरसी कस्बे में पत्रकारों से कहा, गारंटी योजनाओं ने शुरुआत में विकास कार्यों को प्रभावित किया था। अब सब कुछ सही हो रहा है। हमारे समाज में समान समाज का निर्माण होना चाहिए और इस पृष्ठभूमि में ऐसी योजनाएं लागू करना अपरिहार्य है। उन्होंने सवाल किया, अगर स्थानीय भाजपा नेता गारंटी की आलोचना कर रहे हैं, तो पार्टी ने महाराष्ट्र और दिल्ली में क्या किया?
कर्नाटक में भाजपा में आंतरिक लड़ाई के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, मैं यह समझने में असमर्थ हूं कि पार्टी कितने गुटों में विभाजित है? मैं अभी भी गिनती कर रहा हूं। भाजपा के भीतर मौजूदा व्यवस्था से सावधान होकर, मैं खुद को पार्टी के मामलों से दूर कर रहा हूं।
उन्होंने दावा किया, कुछ दिनों में पता चल जाएगा कि किसका रुख सही था और किसका गलत। जब मैंने और बेंगलुरु की यशवंतपुर सीट से भाजपा विधायक एस. टी. सोमशेखर ने पार्टी से दूरी बनाए रखने का फैसला किया, तो प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र और वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा कि यह गलत है। जो लोग कहते रहे कि हमने गलत रास्ता चुना, वे अब खुद गलतियां कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर विवाद पर उन्होंने कहा, मैं चुप हूं, विवाद नहीं खड़ा करना चाहता। जब मुझे उचित लगेगा, मैं विवादास्पद मामलों पर बात करूंगा।

विधायक शिवराम हेब्बार कारवार जिले के येल्लापुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे 2019 में कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए थे। वे भाजपा सरकार में श्रम मंत्री रहे। वर्तमान में विधायक हेब्बार और भाजपा विधायक सोमशेखर कांग्रेस से जुड़े हुए हैं।

Hindi News / Bangalore / भाजपा विधायक हेब्बार ने गारंटी योजनाओं को बताया अपरिहार्य, भाजपा की गुटबाजी पर रखा मौन

ट्रेंडिंग वीडियो