युवक का पीछा कर रोकी बाइक
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर खजुरिया निवासी रजत गंगवार (22) पुत्र हीरालाल गंगवार शुक्रवार रात बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव हाजीपुर खजुरिया निवासी अनिल गंगवार, उसका भाई सुनील गंगवार, पिता महिपाल गंगवार और एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी और बाइक से उसका पीछा करने लगे। जब रजत ढकनी पुल के पास पहुंचा, तो अनिल गंगवार ने उसकी बाइक में जोर से पैर मारकर गिराने की कोशिश की। इस पर रजत ने बाइक रोक ली और विरोध किया।
गोली लगने से घायल हुआ युवक
झगड़ा बढ़ने पर अनिल गंगवार ने तमंचा निकाल लिया और रजत पर फायर करने की कोशिश की। रजत ने हथियार छीनने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान गोली चल गई और उसके बायें पैर में जा लगी। गोली लगते ही रजत जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, एक्स-रे रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रजत को फरीदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फरीदपुर के सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि डॉक्टरों ने अभी गोली लगने की पुष्टि नहीं की है। एक्स-रे रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी पक्ष के बीच प्रेम संबंधों को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।