scriptशादी में फिजूलखर्ची रोकने के बनाए नियम, समाज के लोगों ने पारित किया प्रस्ताव, तय किए ये नियम | gurjar community to stop wastage of money in the wedding in dausa | Patrika News
दौसा

शादी में फिजूलखर्ची रोकने के बनाए नियम, समाज के लोगों ने पारित किया प्रस्ताव, तय किए ये नियम

सिकंदरा में गुर्जर समाज की बैठक में सर्वसम्मति से 21 नियमों का प्रस्ताव पारित किया। समाज के लोगों ने नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कारवाई लागू करने का निर्णय किया।

दौसाApr 11, 2025 / 04:45 pm

Kamlesh Sharma

सिकंदरा (दौसा)। देवनारायण मंदिर निहालपुरा अचलपुरा में गुर्जर समाज की जिला स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष मनफूल सिंह तूंगड की अध्यक्षता में हुई। इसमें समाज के पंच पटेलों ने शादियों एवं धार्मिक आयोजनों में फिजूलखर्ची को रोकने, नुक्ता प्रथा सहित अन्य कुरीतियों को मिटाने के लिए जोर दिया।
बैठक में समाज के लोगों ने सर्वसमति से 21 नियमों का प्रस्ताव पारित किया। समाज के लोगों ने नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कारवाई लागू करने का निर्णय किया।

बैठक में इन नियमों पर हुआ निर्णय

बैठक में शादी एवं धार्मिक कार्यक्रम में डीजे बंद करने का निर्णय किया। इसी प्रकार लड़के की शादी में मांडा के दिन विदा नहीं दी जाएगी। लड़की की शादी में विदा बारात के साथ दी जाएगी। भात जामणा में लेनदेन नहीं की जाएगी। केवल तीन बेस दिए जाएंगे। इनमें साथ जाने वाले लोग बेस लेकर नहीं जाएंगे। भातियों को लायणा नहीं बांधा जाएगा।
लायणा केवल बहन बेटियों को देय है। सभी धार्मिक आयोजन में जीमण के दिन विदा बंद रहेगी। मृत्यु पर पीहर पक्ष को छोड़कर अन्य लोग नारियल ही लेकर आएंगे। पथवारी पर पीहर पक्ष केवल 10 रुपए ही देगा। शादियों में कुर्सी टेबल पर खाना नहीं होगा। शादियों में कार्ड ना छपाकर निमंत्रण पीले चावल देकर या व्हाट्सएप पर भेजे जाएंगे।
दुपट्टा बांधने पर पाबंदी लगाई गई है। शादियों में दुल्हन के दो ही बसे बनेंगे। शादी व बच्चों के जन्म पर किन्नरों को 1100 रुपए ही दिए जाएंगे। शादी में महिला संगीत पूर्णतया बंद रहेगा। सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में साफे के बजाय मालाओं से स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही नशा बंद करने, दहेज प्रथा रोकने सहित अन्य निर्णय लिए गए।
बैठक में गंगासहाय गुरुजी, कन्हैयालाल छावड़ी, एडवोकेट जलसिंह कसाना, मानसिंह बुर्जा, लक्ष्मण सरपंच भंडारी, प्रहलाद जेलर, पूर्व सरपंच अमर सिंह कसाना, बाबूलाल छावड़ी, मोहर सिंह माल, राम सिंह बैंसला, रतन पटेल, जय सिंह सरपंच, जीतू माल श्यालावास सहित पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।

दहेज मुक्त शादी, डीजे पर रोक सहित कई निर्णय किए

महुवा उप तहसील मुख्यालय खेड़ला बुजुर्ग के भौणा बाबा मंदिर में जयपुर संभाग स्तरीय गुर्जर समाज की महापंचायत आयोजित की गई। अध्यक्षता पूर्व जिला प्रमुख अजीत सिंह महवा ने की। इसमें सोलंगा घाड से हजारों लोग शामिल हुए तथा समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने सहित कई अहम फैसले लिए गए।
सभी ने इन फैसलों की पालन करने का संकल्प लिया तथा पालन नहीं करने पर सामाजिक कार्रवाई और बहिष्कार की चेतावनी दी गई। जिसकी हर तीन माह में समीक्षा की जाएगी। समाज के पंच-पटेलों ने सार्वजनिक रूप से निर्णय किया की मृत्युभोज पर पूरी तरह पाबंदी रखी जाएगी।
सीतारानी और मोहर नहीं ले जाई जाने, दुल्हन के लिए केवल पांच बेस लेकर जाने, बच्ची के जामने पर पूरी तरह रोक रहेगी, शादी कार्ड नहीं छपवा कर व्हाट्सएप से सूचना दी जाएगी। जन्मदिन भाई दूज और ग्वाल जिमाने पर भी रोक रहेगी। बारात में 300 से ज्यादा लोग नहीं जाएंगे, बारात के लिए बस और अधिकतम 11 कारों की अनुमति, भतई केवल तीन बेस की पहरावनी करेंगे।
महिलाओं को बर्तन देने पर रोक रहेगी, सगाई के बाद छोड़ने और समधी समधन बुलाने पर भी पाबंदी, बड़े डीजे पर रोक रहेगी शादी में 3 दिन तक छोटे साउंड बजाए जा सकेंगे। नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक रहेगी, ब्रह्मभोज के दिन केवल एक साफा पहनाया जाएगा गंगाजी जाने के लिए केवल पांच लोगों को अनुमति, बारात जाने का समय दिन में रहेगा,जैसे आदि निर्णयों के पालन करने पर समाज के पांच पटेलों द्वारा सर्व समिति से निर्णय किया गया।

कौन कौन रहे शामिल

मंच संचालन पूर्व सरपंच मानसिंह ने किया। टीकम सिंह एडवोकेट, महेंद्र सिंह खेड़ला, पूर्व सरपंच शिवचरण साद, बड़ागांव सरपंच बच्चूसिंह, लखन सरपंच बड़ागांव, भाग्य सरपंच नाहिडा, हरदयाल नेता सलेमपुर, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष कैप्टन मुकुट सिंह, निदेशक नरसी राम गुर्जर, प्रेम सिंह सूबेदार, महाराज सिंह गुर्जर, निहाल सिंह सूबेदार, कैप्टन रामहरी, भरत सरपंच जलालपुर, सुरेश फौजी जलालपुर, ओमी नाहिडा, भरत सिंह नाहिडा, सतीश अध्यापक सिकंदरपुर, राजहंस सूबेदार खेड़ला, केप्टेन भरत सिंह पावटा, रामवीर गुर्जर कुतकपुर, फतेह सिंह सुल्तानपुरा, जतन अध्यापक पावटा आदि मौजूद थे।

Hindi News / Dausa / शादी में फिजूलखर्ची रोकने के बनाए नियम, समाज के लोगों ने पारित किया प्रस्ताव, तय किए ये नियम

ट्रेंडिंग वीडियो