आगरा में बिजली गिरने के साथ बारिश का अलर्ट
आगरा में मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को तेज आंधी, बिजली गिरने के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इससे पहले तेज गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने वाली है। 27 फरवरी तक दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ निचला तापमान भी 15 डिग्री तक जा सकता है। यानि दिन और रात में गर्मी का एहसास बढ़ जाएगा। इसके तुरंत बाद मौसम में बदलाव की आहट है।
28 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश
गुरुवार देर रात से बादल छा जाएंगे और शुक्रवार को तेज अंधड़ के साथ बिजली गरजने की आशंका है। दिन में एक या अधिक बार तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। जबकि एक मार्च से तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी। यह 31 डिग्री से शुरू होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में अगले 4 दिन 26, 27, 28 और 1 मार्च को बारिश होगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा ओलावृष्टि की भी संभावना है। उत्तराखंड में भी 27 और 28 फरवरी बारिश की संभावना है।