आज है शब-ए-कद्र
बता दें कि गुरुवार यानि आज रमजान महीने का 26वां रोजा और 27वीं रात है। इसलिए ज्यादातर जगहों पर आज शब-ए-कद्र मनाई जाएगी। शब-ए-कद्र की रात का मुस्लिम लोग अपने गुनाहों के लिए तौबा मांगते है।
क्या होता है शब-ए-कद्र को
मुस्लिम समुदाय के लिए शब-ए-कद्र की रात का बहुत महत्व है। इस दिन ज्यादातर मस्जिदों में कुरान की तिलावत पूरी होती है। इस रात को मुस्लिम लोग रात को जाग कर इबादत करते है। ऐसा माना जाता है कि इस रात के दौरान फरिश्ते धरती पर उतरते हैं ।
मस्जिदों में की जाती है रौशनी
मुस्लिम लोग इस रात को दुआ, नमाज और कुरान पाक की तिलावत में व्यतीत करते है। शब-ए-कद्र की रात को मस्जिदों में रौशनी की जाती है और मुस्लिम इलाकों में भी रौशनी होती है। इस रात का विशेष महत्व इसलिए है, क्योंकि कुरान के अनुसार इसी रात को अल्लाह ने कुरान को पहले नाजिल किया था, और फिर इसे पैगंबर मुहम्मद तक पहुंचाया गया। कुरान में सूरह अल-क़द्र (97वां अध्याय) में इस रात की महिमा का वर्णन है, जिसमें कहा गया है कि यह रात “हज़ार रातों से बेहतर” है।
गरीबों की करें मदद
दरगाह हजरत मीर कुर्बान अली के सज्जादानशीन डॉ.सय्यद हबीब उर रहमान नियाजी ने बताया कि रमजान के आखिरी अशरे में एतिकाफ करना पैगंबर ए इस्लाम की सुन्नत है। माल की जकात अदा करें, सदका-ए-फित्र दे और गरीबों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें, ताकि वे भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। शब-ए-कद्र सबसे खुशनसीब रात
जयपुर शहर मुफ्ती मोहम्मद जाकिर नोमानी ने बताया कि रमजान में पांच रातें ऐसी आती हैं, जब अपने अल्लाह से खूब दुआएं करनी चाहिए। इन रातों में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में और महिलाएं व बच्चे घरों में जाग कर इबादत करते हैं। इन्हीं में से एक रात शब-ए-कद्र होती है, जिसे पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने सबसे खुशनसीब रात बताया है।