दिल्ली में फिर गरमाई सियासत! सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी, पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया
Aam Aadmi Party Protest in Delhi: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कालकाजी विधायक आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जबरन गिरफ्तार कराया जा रहा है। आइए जानते हैं दिल्ली में आम आदमी पार्टी क्यों प्रदर्शन कर रही है?
Aam Aadmi Party Protest in Delhi: दिल्ली में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने लगा है। आम आदमी पार्टी ने होली से पहले भाजपा पर वादा खिलाफी का आरोप लगाकर पूरे दिल्ली में जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है। आम आदमी पार्टी का दावा है कि बुधवार को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारी कई नेताओं को हिरासत में लिया है। इसको लेकर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने भाजपा सरकार पर करारा सियासी हमला बोला है। आतिशी ने कहा “पहले मोदी जी की दिल्ली की हर महिला को ₹2500/ महीना देने की गारंटी जुमला निकली और अब होली पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने की गारंटी भी जुमला साबित हो रही है। जब ‘आप’ के नेता भाजपा को जनता से किए गए इन वादों की याद दिला रहे हैं तो उन्हें पुलिस द्वारा जबरन गिरफ़्तार करवाया जा रहा है। मोदी जी, आप गारंटी पूरी करेंगे या वादे याद करवाने वालों को जेल में डालेंगे?”
दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद से जारी है ‘आप’ का प्रदर्शन
दरअसल, दिल्ली में 27 साल वनवास काटने के बाद भाजपा ने सत्ता में वापसी की है। जबकि पिछले एक दशक से दिल्ली में सत्तासीन रही आम आदमी पार्टी विपक्ष में आ गई है। दिल्ली में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही भाजपा के खिलाफ लगातार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा ने चुनावों के दौरान जो वादे जनता से किए, अब उन्हें पूरा करने से मुकर रही है। बुधवार को भी इसी को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आईटीओ पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कई पूर्व विधायक भी शामिल थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता आईटीओ पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया। प्रदर्शन से पहले ही कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि किराड़ी से आप के पूर्व विधायक ऋतुराज गोविंद को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके दौरान पुलिस और ऋतुराज गोविंद के बीच तीखी बहस भी हुई।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीजेपी ने महिला समृद्धि योजना के तहत 8 मार्च तक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन अभी तक किसी के खाते में पैसे नहीं आए हैं। इसके अलावा, होली के मौके पर बीजेपी ने जनता को मुफ्त गैस सिलेंडर देने का भी आश्वासन दिया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। इन्हीं वादों को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी और हिरासत में ले लिया।
आम आदमी पार्टी ने कहां-कहां किया प्रदर्शन?
बुधवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे दिल्ली में प्रदर्शन किया। इसमें चांदनी चौक, विकासपुरी, सदर बाजार, मोतीनगर, करोलबाग, मंडी हाउस, द्वारका, पालम, मालवीय नगर, कालकाजी, संगम विहार समेत विभिन्न जगहें शामिल हैं। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने होली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली की जनता को मुफ्त सिलेंडर देने की मांग की। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की जनता से वादा किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो दिल्ली की जनता को होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। अब होली आ गई है, लेकिन मुफ्त सिलेंडर नहीं दिया गया है।
Hindi News / New Delhi / दिल्ली में फिर गरमाई सियासत! सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी, पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया