scriptआपकी बात : क्या स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में पर्यावरणीय स्थिरता को प्राथमिकता दी जा रही है? | Your View: Is environmental sustainability being prioritised in smart city projects? | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात : क्या स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में पर्यावरणीय स्थिरता को प्राथमिकता दी जा रही है?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। प्रस्तुत हैं पाठकों के कुछ विचार

जयपुरMar 05, 2025 / 06:34 pm

Sanjeev Mathur

शर्तों का प्राथमिकता से पालन जरूरी
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में पर्यावरणीय स्थिरता की प्राथमिकता नवीकरणीय ऊर्जा, हरित भवन, अपशिष्ट प्रबंधन और टिकाऊ परिवहन जैसे मुद्दों पर तो नजर आती है, लेकिन कुछ स्थानों पर जनसंख्या में वृद्धि से संसाधन मांग और प्रदूषण बढऩे से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थायी विकास पर अधिक ध्यान जरूरी है।
– अमृतलाल मारू, इंदौर, मप्र

हरित वातावरण एवं पार्क सुनिश्चित किए जा रहे
स्मार्ट सिटी परियोजना में पर्यावरण स्थिरता को नागरिकों के सुनिश्चित जीवन एवं अच्छे भविष्य के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। स्मार्ट सिटी में नागरिकों के लिए हरित वातावरण एवं पार्क सुनिश्चित किए जा रहे हैं। साथ ही मकान के चारों तरफ रोशनी पर्याप्त मात्रा में हवा एवं गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जा रहा है। साथ में वाटर रिसायकल एवं कचरा डिस्पोजल का भी प्रावधान रखा जाता है और तकनीकी के हिसाब से नई-नई सुविधा भी लागू करने की कोशिश की जा रही है।
– रामनरेश गुप्ता, जयपुर

पर्यावरण को पहुंचता है सतत नुकसान
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में विकास का प्रमुख आधार शहरी अधोसंरचना होती है जिसके बिना विकास की अवधारणा पूरी नहीं हो सकती, परंतु विकास के बदले में हमें हरियाली के विनाश का मूल्य चुकाना होता है। शहरी योजनाओं में प्रमुखत: सड़क चौड़ीकरण, सीवरेज, ड्रेनेज आदि के लिए विशाल संख्या में पेड़ काटे जाते हैं। इनका उसी अनुपात में पुन: प्रतिस्थापन नहीं होता और न ही उस अनुपात में पेड़ लगाए जाते हैं जिससे पर्यावरण को सतत नुकसान पहुंचता है। अत: इनका संरक्षण और संधारण अत्यावश्यक है।
– रूपसिंह ठाकुर, इंदौर

ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी की जाए
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत पर्यावरणीय स्थिरता लाने लिए अभी कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। शहर के अंदर चलने वाले वाहनों व परिवहन वाहनों से निकलने वाला धुआं पर्यावरण को दूषित करता है। उसकी वजह से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन अधिक होता है। ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में कमी करनी होगी। स्मार्ट सिटी योजना में अधिक पेड़ लगाए जाएं तो ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ सकती है।
– लता अग्रवाल, चित्तौडग़ढ़

अब तक के प्रयास नाकाफी
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत हरित सार्वजनिक स्थानों के विकास, ऊर्जा कुशल इमारतों के निर्माण, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों में सुधार एवं पुनर्चक्रण की व्यवस्था के माध्यम से पर्यावरणीय स्थिरता को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि अब तक किए गए प्रयास पर्यावरण संरक्षण हेतु नाकाफी ही कहे जा सकते हैं। पर्यावरणीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए सतत् मॉनिटरिंग प्रणाली लागू किए जाने की महती आवश्यकता है।
– सर्वजीत अरोड़ा, शिक्षाविद्

पर्यावरण स्थिरता को रखें केंद्र में
स्मार्ट सिटी बनाने के क्रम में पर्यावरण स्थिरता को कुछ हद तक ही ध्यान में रखा जा रहा है, जो पर्याप्त नहीं है। यदि ऐसा ही रहा तो आगामी प्रभाव अनियमित रूप से जलवायु परिवर्तन द्वारा परिलक्षित होगा। पर्यावरण स्थिरता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है और यदि इस दायित्व का पालन नहीं किया गया तो आगामी प्रभाव अत्यंत भयावह होगा। अत: हमें चाहिए कि हम पर्यावरण स्थिरता को केंद्र में रखकर स्मार्ट सिटी परियोजना का कार्यान्वयन करें।
– आयुषी तिवारी सारंगढ़ (छत्तीसगढ़)

Hindi News / Prime / Opinion / आपकी बात : क्या स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में पर्यावरणीय स्थिरता को प्राथमिकता दी जा रही है?

ट्रेंडिंग वीडियो