प्रदेश के राजगढ़ में एक बार फिर ठंड ने तेजी से दस्तक दी है। यह मध्यप्रदेश के सर्वाधिक ठंडे जिलों में शामिल रहा। एक दिन पहले 7 डिग्री रहा न्यूनतम पारा अब 6.6 पर पहुंच गया जिसके चलते ठिठुरन बढ़ गई। उत्तर भारत की बर्फबारी के चलते जिलेभर में दिनभर बर्फीली हवा चलती रही। दोपहर के समय तीखी धूप के बीच भी ठंडी हवा चली।
इस बार राजगढ़ जिले में पड़ने वाली ठंड ने पचमढ़ी को भी पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार को तो दोपहर में भी ठंड का अहसास हुआ। इस दिन 6.6 डिग्री तापमान के साथ राजगढ़ सर्वाधिक ठंडे जिलों में रहा। वहीं मप्र का कश्मीर कहे जाने वाले पचमढ़ी में पारा 9.6 डिग्री रहा।
धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हिमालयीन उत्तर भारत की बर्फीली हवा का असर यहां पड़ा है। वहां आखिरी दौर की बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते यह मौसम बदला है। आगामी दिनों में इसका असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो दिन ही पारा 8 डिग्री से नीचे जाने की उम्मीद थी। अब न्यूनतम पारे में बढ़ोतरी के आसार हैं। इसके बाद फिर मौसम सामान्य होने लगेगा। कुछ संभावना आगामी दिनों में हल्की बूंदाबांदी और बारिश की भी है।
क्यों बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार जेट स्ट्रीम हवा और पहाड़ों में बर्फबारी के कारण मौसम का मिजाज बदला। पश्चिमोत्तर भारत में 12.6 किमी ऊपर 259 किमी प्रति घंटे की स्पीड से जेट स्ट्रीम हवा चली। पहाड़ों में बर्फबारी होने का एमपी के मौसम पर असर हुआ।
सप्ताहभर के तापमान पर एक नजर
माह तापमान
07 फरवरी 6.6
06 फरवरी 7.0
05 फरवरी 12.0
04 फरवरी 13.0
03 फरवरी 10.4
02 फरवरी 08.6
01 फरवरी 10.0
(नोट : आंकड़े मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार)