200 सैनिकों की मौत
जेएनआईएम ने गुरुवार को दावा करते हुए बताया कि रविवार को बुर्किना फासो के जिबो शहर में स्थित सेना के ठिकाने पर किए गए आतंकी हमले में 200 सैनिक मारे गए हैं। पहले यह आंकड़ा 60 बताया जा रहा था, जो अब बढ़कर 200 हो गया है। जानकारी के अनुसार आतंकियों ने सेना के ठिकाने के साथ ही एक पुलिस स्टेशन और मार्केट को भी निशाना बनाया। इस आतंकी हमले में पास के एक अस्पताल को भी नुकसान पहुंचा।
पहले भी हो चुके हैं कई आतंकी हमले
जेएनआईएम इससे पहले भी बुर्किना फासो में हुए कई आतंकी हमलों की ज़िम्मेदारी ले चुका है। जिबो शहर में स्थित सेना के ठिकाने पर भी पहले कुछ अन्य मौकों पर आतंकी हमले हुए हैं।
बुर्किना फासो में चलता है सैन्य शासन
बुर्किना फासो में जनता की चुनी सरकार नहीं, बल्कि सेना शासन चलाती है। बुर्किना फासो की सेना को जुंटा भी कहते हैं। इस वेस्ट अफ्रीकी देश में 2022 में सेना ने सरकार से शासन छीनते हुए तख्तापलट कर दिया था। तभी से बुर्किना फासो में सैन्य शासन चल रहा है। पिछले साल ही इस सैन्य शासन की अवधि को 2029 तक करने का फैसला लिया गया था।