खेरली. इन दिनों कृषि उपज मंडी खेरली में बिक्री के लिए सरसों की बंपर आवक हो रही है। अच्छा भाव मिलने पर किसानों के चेहरे भी प्रसन्नता से खिल रहे हैं। ए श्रेणी की मंडी अलवर जिले की दूसरी सबसे बड़ी मंडी है, जिसमें सरसों के अतिरिक्त अन्य जिंस भी भरपूर मात्रा में बिक्री के लिए आते हैं। सरसों की क्षेत्र में सबसे बड़ी आवक यहां होती है। यहां 15000 कट्टे प्रति दिवस मंडी में आ रहे हैं। अभी सरसों में थोड़ी नमी है। इसलिए बिना लैब के नमी की जांच कर ली जा रही है। इसके बाद भी 6 – 8 नमी पर 5600 से 5700 रुपए प्रति क्विंटल भाव मिल रहे हैं। अधिकतम में 5950 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। जहां अभी सरकारी दर पर खरीद होना लगभग एक माह बाद शुरू होगा। उससे पूर्व सरसों की बंपर आवक से जहां व्यापारी प्रसन्न हैं, वहीं अच्छे भाव मिलने से किसानों के चेहरे पर भी प्रसन्नता देखी जा सकती है। इधर कुछ मात्रा में पुरानी सरसों भी लगभग दो हजार से तीन हजार कट्टे भी बिक्री के लिए आ रही है, जो लैब से जांच पश्चात ली जा रही है। व्यापारी अशोक कुमार जैन ने बताया कि पुरानी और नई सरसों के भाव में ज्यादा अंतर नहीं है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार खेरली परिक्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में लगभग 4700 हेक्टेयर भूमि में सरसों की बुवाई हुई है। जो गत वर्ष से अधिक है। ज्ञात हो कि ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जगहों पर मौसम के अनुकूल रहने के कारण सरसों की फसल अच्छी रही है, जिसमें कोई नुकसान भी नहीं रहा है।
सरसों की अच्छी आवक सरसों की अच्छी आवक है। मंडी में सरसों की ढेरियां लग रही है, जिन्हें सुखाने के लिए फैला भी दिया जाता है। मंडी की ओर से दी जाने वाली सभी सुविधाएं काश्तकार को दी जा रही है।
राजेश कर्दम, मंडी सचिव, खेरली।
Hindi News / Alwar / मंडी में सरसों की बंपर आवक, अच्छा भाव मिलने से किसानों के खिले चेहरे