Bharatpur News : अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी महिला, बीड़ी पीने के लिए जलाया लाइटर, आग के गोले से झुलसा चेहरा
मरीज बत्तन देवी धूम्रपान करती हैं। वह अपने बेड पर लेटी थी। उनके ऑक्सीजन लगी हुई थी। इस दौरान वह धूम्रपान करने लगी। जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया तो, नली ने आग पकड़ ली।
राजस्थान के भरतपुर शहर के आरबीएम अस्पताल में अस्थमा बीमारी के चलते एक महिला भर्ती थी। महिला के ऑक्सीजन लगी हुई थी। रविवार को महिला ने बीड़ी पीने के लिए जैसे ही लाइटर जलाया। तभी ऑक्सीजन ने आग पकड़ ली, जिससे एक बड़ा आग का गोला निकला और महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
परिजन बासमती ने बताया बत्तन देवी (60) निवासी अघापुर को सांस में लेने में समस्या के चलते 19 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया था। मरीज को अस्थमा की समस्या है। उसे पहले भी कई बार आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है। बत्तन देवी धूम्रपान करती हैं। वह अपने बेड पर लेटी थी। उनके ऑक्सीजन लगी हुई थी। इस दौरान वह धूम्रपान करने लगी। जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया तो, ऑक्सीजन की नली ने आग पकड़ ली। नली से आग का एक गोला निकला, जिससे बत्तन देवी का चेहरा बुरी तरह जल गया।
लोगों ने बुझाई आग
घटना को देख आसपास मौजूद लोग तुरंत बत्तन देवी के बेड पर पहुंचे और आग को बुझाया गया। घटना के दौरान पास ही मौजूद एक मरीज के परिजन अभय कुमार ने बताया कि मैं अपने मरीज के पास बैठा था। पास ही बेड पर बैठी एक महिला ने कुछ जलाने के लिए लाइटर जलाया। उनके ऑक्सीजन लगी हुई थी। ऑक्सीजन नली से गैस का गोला निकला, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। मैं और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। हमने चादर और कंबल की मदद से आग को बुझाया।
यह वीडियो भी देखें
जयपुर रेफर किया
आरबीएम चिकित्सालय के अधीक्षक नगेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया की मरीज अस्थमा, हाइपरटेंशन और डायबिटीज की समस्या को लेकर आईसीयू में भर्ती थी। बाद में वार्ड में भर्ती कर दिया गया, जिसके बाद मरीज ने बीड़ी पीने के लिए लाइटर जलाया तो ऑक्सीजन ने आग को पकड़ लिया। उनका चेहरा जल गया है। ऐसे अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया है।