script‘अब घमंड की सरकार को हटाना होगा’, संविधान बचाओ रैली में गरजे सचिन पायलट | 'Now the arrogant government must be removed' "Congress stage roared in Save Constitution Rally, Sachin Pilot | Patrika News
देहरादून

‘अब घमंड की सरकार को हटाना होगा’, संविधान बचाओ रैली में गरजे सचिन पायलट

“400 पार का दावा करने वालों ने घमंड की पराकाष्ठा पार कर दी थी। देश की जनता ने 240 पर टेक दिया।” यह तंज कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर कसा।

देहरादूनMay 01, 2025 / 01:29 pm

Aman Pandey

Sachin pilot, dehradun news, chandrababu, bjp, congress, samvidhan bachao rally, uttarakhand congress, Dehradun News in Hindi, Latest Dehradun News in Hindi, Dehradun

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव सचिन पायलट देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में भाग लेते हुए।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का जमकर दुरुपयोग कर रही है। आज सीबीआई, ईडी जैसी संस्थाएं केंद्र की कठपुतली बनकर रह गई हैं। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश नहीं, अपनी सुविधा के अनुसार कानून बनाती और बदलती है।

‘कांग्रेस सरकारों ने संविधान को किया मजबूत’

पायलट बुधवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। सभा में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान कांग्रेस के सभी छत्रप मंच पर एक साथ एकजुट नजर आए। पायलट ने कहा कि देश में कांग्रेस सरकारों ने संविधान को मजबूत करने का काम किया, लेकिन भाजपा सरकार ने बीते 11 सालों में संवैधानिक संस्थाओं को खोखला करने का काम किया है। संविधान की भावना को मारने का काम किया है। पूरी दुनिया में भारतवर्ष के लोकतंत्र का उदाहरण यूं ही नहीं दिया जाता। लेकिन आगे भी ऐसा होगा, यह कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है, जब घमंड की इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।

केंद्र सरकार पर आतंकवाद से निपटने में असफल होने का आरोप

पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में आतंकवाद का डटकर मुकाबला किया। आतंकवादी हमलों में सबसे ज्यादा नुकसान भी कांग्रेस ने झेला है। कहा कि हमने दो-दो प्रधानमंत्री खोए। सरदार बेअंत सिंह जैसे नेता खोए, लेकिन कभी आतंकवाद के आगे झुके नहीं और ना झुकेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर आतंकवाद से निपटने में असफल रहने का आरोप लगाया। कहा कि आज जब पहलगाम में आतंकवादियों ने क्रूरतम हत्याएं की हैं, उसमें सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र की असफलता व भारी चूक केंद्र सरकार ने स्वयं स्वीकार की है। पायलट ने कहा कि हम संकट की इस घड़ी में पूरे मनोबल के साथ केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे देश में अभियान छेड़ा है। अब आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के राज्य के नेताओं को एकजुट होकर काम करना है। राज्य में कांग्रेस की सरकार लानी है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कार्यकर्ताओं से संघर्ष का आह्वान किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज राज्य का नौजवान, किसान महिला सभी वर्ग वर्तमान भाजपा सरकार से निराश और हताश हैं। एआईसीसी में सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, विधायक विक्रम सिंह नेगी, ममता राकेश, मनोज तिवारी, तिलक राज बेहड़ ने भी सभा को संबोधित किया। संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि आज बहुत पवित्र दिन है, दुनिया के करोड़ों सनातनियों की आस्था और श्रद्धा के प्रतीक उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो रहा है।
यह भी पढ़ें

मजदूरों के हक में मायावती की दो टूक, सरकारें निभाएं अपना संवैधानिक फर्ज

भेंट की संविधान की प्रतियां: प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने सचिन पायलट को उत्तराखंड के चारधामों का स्मृति चिन्ह भेंट किया। सचिन पायलट ने करण माहरा, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह व गणेश गोदियाल को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से संविधान की प्रतियां भेंट कीं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बुके देकर पायलट का स्वागत किया।

ये रहे मौजूद

उप नेता सदन भुवन कापड़ी, विधायक गोपाल राणा, वीरेंद्र जाती, सुमित हृदयेश, अनुपमा रावत, मदन सिंह बिष्ट व रवि बहादुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण व हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक मनोज रावत, ओम गोपाल रावत व राजकुमार, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, विकास नेगी, हेमा पुरोहित आदि कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Hindi News / Dehradun / ‘अब घमंड की सरकार को हटाना होगा’, संविधान बचाओ रैली में गरजे सचिन पायलट

ट्रेंडिंग वीडियो