scriptपाकिस्तानी जेल में मिली इतनी यातनाएं, लेकिन भारत में आकर खुद ने ही क्यों ली अपनी जान, पढ़ें पूरा मामला… | Patrika News
पाली

पाकिस्तानी जेल में मिली इतनी यातनाएं, लेकिन भारत में आकर खुद ने ही क्यों ली अपनी जान, पढ़ें पूरा मामला…

पाकिस्तान की जेल में 28 माह कैद काटकर आए गेमराराम ने पाली में दी जान, बाड़मेर जिले का है निवासी, पाली के निकट लोहा फैक्ट्री में कोयले का काम करता था।

पालीMay 13, 2025 / 06:58 pm

Suresh Hemnani

पाकिस्तानी जेल में मिली इतनी यातनाएं, लेकिन भारत में आकर खुद ने ही क्यों ली अपनी जान, पढ़ें पूरा मामला...

पाली के बांगड़ अस्पताल के बाहर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करते पुलिसकर्मी। भारत-पाकिस्तान के वाघा बॉर्डर से बाहर आता गेमराराम मेघवाल का फाइल फोटो

पाली। पाकिस्तान की जेल में 28 महीने कैद काटकर आए एक युवक का शव पाली की एक फैक्ट्री में फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों को सौंपा। जाडन चौकी प्रभारी रामनिवासी राजपुरोहित ने बताया कि बाड़मेर जिले के बिजराडा थाना क्षेत्र के कुम्हारों का टीबा निवासी गेमराराम (24) पुत्र जामाराम मेघवाल करीब एक साल से जाडन के निकट एक लोहा फैक्ट्री में कोयले का काम करता था। वह रिश्तेदार के साथ फैक्ट्री के कमरे में रहता था। सोमवार दोपहर को उसका शव फैक्ट्री के एक सूने कमरे में फंदे पर झूलता मिला। इसकी जब जानकारी उसके भाई और मामा को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

गेमराराम की वर्ष 2023 में पाकिस्तान से भारत हुई थी वापसी

मृतक गेमराराम भारत-पाक बॉर्डर से सटे कुम्हारों का टीबा गांव का निवासी है। गेमराराम का एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग था। 5 नवंबर 2020 की रात जोधपुर से वह गांव आया था। अपने घर जाने की बजाय प्रेमिका से मिलने से उसके घर चला गया। तभी लड़की के परिजनों उसे देख लिया। गेमराराम घबरा गया और डर के मारे भारत-पाक की सीमा पर बनी तारबंदी पार कर पाकिस्तान चला गया था। फिर पाकिस्तान के रेंजर्स ने उसे पकड़कर जेल में डाल दिया। करीब 28 महीने पाक जेल में रहे गेमराराम को कई यातनाएं भी दी गई। जिसके बाद सजा काट वो 14 फरवरी 2023 को पाकिस्तान से वाघा बॉर्डर होते हुए भारत आया था। मृतक के गांव से भारत-पाकिस्तान सीमा 2 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं है।

वर्ष 2021 में पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ था मामला

गेमराराम के खिलाफ बाड़मेर जिले के बिजराड़ा थाने में जनवरी में पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। भारत लौटने के बाद गेमराराम से भारत में संयुक्त जांच एजेंसियों ने पूछताछ की। उसके बाद उसे बिजराड़ा थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे पोस्को एक्ट में गिरफ्तार भी किया था। इस मामले में गेमराराम को जेल जाना पड़ा था। जेल से रिहा होने के बाद पहले वह पालनपुर व हिम्मतनगर में काम करने गया। वहां से एक माह बाद वापस आ गया और करीब एक साल पहले पाली में एक लोहे की फैक्ट्री में कोयले का काम करने लगा था।

Hindi News / Pali / पाकिस्तानी जेल में मिली इतनी यातनाएं, लेकिन भारत में आकर खुद ने ही क्यों ली अपनी जान, पढ़ें पूरा मामला…

ट्रेंडिंग वीडियो