scriptजीणमाता मंदिर को लेकर नहीं थम रहा विवाद, अब होगी प्रशासनिक जांच | Patrika News
सीकर

जीणमाता मंदिर को लेकर नहीं थम रहा विवाद, अब होगी प्रशासनिक जांच

जीणमाता मंदिर में पुजारियों से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

सीकरApr 13, 2025 / 10:44 pm

Ajay

Jeen Mata Temple Controversy
मंदिर विवाद को लेकर पूर्व मंत्री व विधायक के बीच तकरार

विधायक गोपाल शर्मा के पुजारियों से लिखित में देने की बात कहने पर नाराज हुए पूर्व मंत्री

गुढ़ा बोले, विधायक कौन होते है लि​खित में मांगने वाले
सीकर. जीणमाता मंदिर में पुजारियों से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुजारियों व प्रशासन में समझौता वार्ता के बाद शुक्रवार को मंदिर के पट खुलने के बाद नया विवाद हो गया। दरअसल, सिविल लाइंस जयपुर के विधायक गोपाल शर्मा जीणमाता मंदिर के पुजारियों से मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा भी आ गए। विधायक पुजारियों से मामले की जानकारी ले रहे थे। विधायक ने पुजारियों से कहा कि आप लिखित में दो सरकार और भी सख्त एक्शन लेगी। इस पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा ने कहा कि मामले के वीडियो-फोटो पिछले कई दिनों से वायरल हो रहे है। मीडिया में पूरा मामला आ गया। अब लिखित में लेने की बात कहां से आ गई। भाजपा के राज में जीणमाता मंदिर के पुजारियों के जनेऊ तक टूट गए। पुजारियों के साथ मारपीट हुई और पुजारियों व संतों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व मंत्री व विधायक के साथ उनके समर्थकों में भी तकरार हो गई। विधायक गोपाल शर्मा ने गुढ़ा को कहा कि मैं आपकी राय नहीं ले रहा हूं। बाद में विधायक ने काफी देर तक पुजारियों से बातचीत की।

मामले में होगी सख्त कार्रवाई, गृहमंत्री को बताया पूरा विषय: विधायक

जीणमाता मंदिर के पुजारियों से बातचीत का दौर चल रहा था। इस दौरान राजेन्द्र गुढा बीच में बोलने लगे। मैंने उनसे पूरे सम्मान से बातचीत की। मैंने पुजारियों से बातचीत कर मामले की पूरी जानकारी ली। इसके बाद गृहमंत्री, डीजीपी सहित सीकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत भी की है। गुढा राजनीति में नहीं आए तब से मेरा जुड़ावजीणधाम से है। जब कोई शिकायत लिखित में होगी तभी तो एक्शन मजबूती से होगा। सरकार पूरे मामले की जांच करा रही है। मामले में जो भी दोषी होंगे सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
गोपाल शर्मा, विधायक, सिविल लाइंस, जयपुर

सब कुछ सामने फिर कैसे लिखित में मांगा: पूर्व मंत्री

भाजपा सरकार में मंदिर और मंदिर के पुजारियों के साथ प्रशासन का सौतेला व्यवहार सामने आ रहा है। जीण माता में पुजारियों की जनेऊ तोड़ डाली। पुजारियों के साथ मारपीट हुई। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय विधायक गोपाल शर्मा बोले हमें लिखित में दो। घटना के इतने दिन तक सरकार कहा थी। अब लिखित में लेने वाले विधायक कौन होते है। पुराने जमाने में औरंगजेब की सेना ने मंदिरों पर अत्याचार किए थे। भाजपा सरकार धर्म का झूठा दिखावा करती है। प्रशासन की मनमर्जी नहीं चलने दी जाएगी।
राजेंद्र गुढ़ा, पूर्व राज्यमंत्री

जीणमाता मंदिर विवाद मामले में होगी पुलिस व प्रशासनिक जांच

एडीएम की अध्यक्षता में गठित हुई समिति

जीणमाता मंदिर मेंं पुजारियों व बत्तीसी संघ के बीच पिछले दिनों हुए विवाद के मामले में अब प्रशासन ने जांच कराने की तैयारी कर ली है। अपर जिला कलक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक टीम जांच करेगी। वहीं पुलिस की तरफ से अलग से जांच रिपोर्ट तैयार होगी। पुलिस व प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद जिलास्तरीय समिति दो​षियों के ​खिलाफ कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि जीणमाता मंदिर में हुए विवाद के बाद शुक्रवार को पुजारियों ने धरना दिया था। प्रांर​भिक तौर पर दोषी पाए जाने पर दो कर्मचारियों का तबादला व तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था। इस दौरान प्रशासन ने मंदिर कमेटी को अलग से जांच कमेटी से मामले की पूरी जांच कराने का आश्वासन दिया था।

Hindi News / Sikar / जीणमाता मंदिर को लेकर नहीं थम रहा विवाद, अब होगी प्रशासनिक जांच

ट्रेंडिंग वीडियो